राजस्थान से रूठा मानसून, लगातार आठवें दिन जारी रही बेरुखी, अगले 48 घंटों में हो सकता है मेहरबान

राजस्थान से रूठा मानसून, लगातार आठवें दिन जारी रही बेरुखी, अगले 48 घंटों में हो सकता है मेहरबानजयपुर: प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर फिलहाल सुस्त पड़ा है और आज लगातार आठवें दिन भी मानसून प्रदेश से रूठा हुआ है। प्रदेशवासी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तरी राज्यों में अटका मानसून अगले 48 घंटे में प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में मेहरबान हो सकता है। प्रदेश के दक्षिण पश्चिमी और उत्तर पूर्वी हिस्सों में बन रही अनुकूल परिस्थितियों के अनुसार सावन मास शुरू होने के साथ ही प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने व राहत की बौछारें बरसने की उम्मीद है। 

बीते चौबीस घंटे में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा है हालांकि बादलों की आवाजाही जरूर बन रही है लेकिन मेघ बिन बरसे ही प्रदेश से रवाना हो रहे हैं। गुलाबीनगर में आज सुबह आसमान में छितराए बादलों की आवाजाही रही लेकिन झमाझम बारिश होने का इंतजार फिर भी बना रहा है। दिन में धूप की तपिश तो रात में उमस शहरवासियों को बेहाल कर रही है। 

दूसरी ओर पारे का मिजाज भी बारिश के थमे दौर के चलते गर्म बना हुआ है। शहर में बीती रात का तापमान एक डिग्री बढ़कर 27.4 डिग्री रहा वहीं आज सुबह नौ बजे दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहर में आज सुबह करीब दस किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चल रही उत्तर पश्चिमी हवा से सुबह मौसम में ठंडक रही लेकिन धूप की तपिश बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज भी गर्म हो गया। 

स्थानीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चौबीस घंटे में पूर्वी हिस्सों में कहीं कहीं छितराई बौछारें गिर सकती हैं जबकि शेष भागों में मौसम शुष्क रहेगा।

Bureau Report

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*