फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0:केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी, देश को स्वस्थ रखने में 7.5 करोड़ लोगों की होगी हिस्सेदारी

फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0:केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी, देश को स्वस्थ रखने में 7.5 करोड़ लोगों की होगी हिस्सेदारी

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाई। इसका आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव के तहत किया जा रहा है। आज देश के अलग-अलग ऐतिहासिक स्थलों पर 75 फिजिकल इवेंट्स आयोजित किए गए हैं। 13 अगस्त को शुरू हुआ यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेगा।

केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्रालय के राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी लॉन्च इवेंट में शामिल हुए। वहीं, ठाकुर ने सभी से समारोह में भाग लेने और इसे जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हम आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहे हैं तो हमें स्वस्थ भारत के लिए संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि यही मजबूत भारत होगा।

फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज अभियान
ठाकुर ने कहा कि एक कड़ी बनेगी, हमें इस कड़ी को और बड़ा करना है ताकि 75वीं सालगिरह पर देशभर के कोने-कोने से हर परिवार से लोग ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ से जुडें। ग्रुप, स्थान, समय आप चुनिए लेकिन फिट इंडिया फ्रीडम रन में जरूर जुड़िए। देश और अपने परिवार को स्वस्थ रखिए।

7.50 करोड़ से अधिक युवा और नागरिक दौड़ में हिस्सा लेंगे
कार्यक्रम के दौरान देश भर के 744 जिलों और 30 हजार एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस पहल के तहत 7.50 करोड़ से अधिक युवा और नागरिक दौड़ में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), रेलवे, नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) जैसे संगठनों की भी भागीदारी होगी।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*