सहारनपुर का ‘शांत’ छात्र निकला आतंकी नेटवर्क का मास्टरमाइंड, ATS जांच में 60+ युवाओं से कनेक्शन का खुलासा

सहारनपुर का ‘शांत’ छात्र निकला आतंकी नेटवर्क का मास्टरमाइंड, ATS जांच में 60+ युवाओं से कनेक्शन का खुलासा

उत्तर प्रदेश  के सहारनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीडीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हारिस अली की गिरफ्तारी के बाद बड़े खुलासे हो रहे हैं. एंटी टेरर स्क्वाड (ATS) की जांच में पता चला है कि हारिस का संबंध अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन ISIS के ऑनलाइन मॉड्यूल से था और वह वेस्ट यूपी में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रभावित करने में जुटा था.

घंटों लैपटॉप पर रहता था सक्रिय
जांच में सामने आया है कि हारिस रोजाना 5 से 7 घंटे लैपटॉप पर बिताता था. कॉलेज में छुट्टी होने या अन्य छात्र-छात्राओं के बाहर जाने के बावजूद वह अपने कमरे में ही रहता था. उसकी यह ‘खामोशी’ अब एक सुनियोजित रणनीति के रूप में देखी जा रही है, जिसके जरिए वह ऑनलाइन नेटवर्क खड़ा कर रहा था.

60 से ज्यादा युवाओं से संपर्क
ATS के मुताबिक, हारिस के संपर्क में मुरादाबाद, संभल और अमरोहा समेत कई जिलों के 60 से अधिक युवा थे. एजेंसियों को आशंका है कि वह धीरे-धीरे इन युवाओं को कट्टर विचारधारा की ओर मोड़ रहा था. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हारिस के साथ रहने वाला उसका रूम पार्टनर भी उसकी असलियत से पूरी तरह अनजान था. शामली का रहने वाला यह छात्र हारिस के साथ सामान्य बातचीत करता था और दोनों के बीच सिर्फ पढ़ाई को लेकर ही चर्चा होती थी. हारिस का सामान्य व्यवहार ही उसकी सबसे बड़ी ढाल बन गया.

‘लो-प्रोफाइल’ रहकर बुनता रहा साजिश
कॉलेज हॉस्टल के कमरे नंबर-7 में रहने वाला हारिस खुद को भीड़ से दूर रखता था. वह न किसी समूह में सक्रिय दिखता था और न ही ज्यादा लोगों से मेलजोल रखता था. बाहर भी कम ही निकलता था, जिससे उस पर किसी को शक न हो. उसकी यही रणनीति उसे लंबे समय तक संदेह से दूर रखती रही.

जम्मू-कश्मीर के दौरे जांच के दायरे में
जांच एजेंसियों को पता चला है कि पिछले दो वर्षों में हारिस पांच बार जम्मू-कश्मीर जा चुका है. अब ATS इन यात्राओं की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इन दौरों के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

गिरफ्तारी के बाद खुफिया तंत्र अलर्ट
हारिस की गिरफ्तारी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं. सोशल मीडिया पर उसे फॉलो करने और उससे जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है.

परिवार हुआ लापता, घर पर ताला
गिरफ्तारी के बाद हारिस का घर सूना पड़ा है. मोहल्ले के लोग, जो कभी उसकी तारीफ करते नहीं थकते थे, अब हैरान हैं. परिवार के सदस्य भी अचानक कहीं चले गए हैं और घर पर ताला लटका हुआ है. इस पूरे मामले ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ समाज को भी झकझोर कर रख दिया है, जहां एक ‘शांत’ दिखने वाला छात्र पर्दे के पीछे खतरनाक नेटवर्क खड़ा कर रहा था.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*