अगर आप नेशनल हाइवे पर अक्सर अपनी कार से सफर करते हैं तो यह खबर आपसे जुड़ी है, इस बारे में आपको जानकारी जरूर होनी चाहिए. सरकार की तरफ से हाइवे पर अपनी सवारी से चलने वाले लोगों के लिए बड़ा बदलाव किया गया है. जी हां, कुछ दिन बाद 10 अप्रैल 2026 से देश के सभी नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद हो जाएगा. अब टोल का भुगतान करने के लिए आप केवल डिजिटली पेमेंट कर सकेंगे. इस फैसले को सरकार की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के बाद लिया गया है.
पहले भी सरकार की तरफ से कैश में दिये जाने वाले टोल पेमेंट को धीरे-धीरे खत्म करने का प्रपोजल दिया गया था. अब यह बदलाव आखिरी चरण में पहुंच गया है. सरकार का मकसद देश के टोलिंग सिस्टम को डिजिटल करना है. टोल सिस्टम के डिजिटल होने से टोल प्लाजा से गुजरने में समय भी कम लगेगा. नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की तरफ से साफ किया गया है कि अब टोल पेमेंट महज FASTag और UPI जैसे डिजिटल मोड से ही किया जाएगा.
लंबी-लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा
एनएचएआई की तरफ से किये जाने वाले बदलाव से हाइवे पर सफर करने वालों को काफी फायदा होगा. लेन में कारों की संख्या बढ़ेगी, टोल प्लाजा पर भीड़ कम होगी और ट्रैफिक तेजी से आगे बढ़ेगा. इसके अलावा पेमेंट करने में ज्यादा ट्रांसपेरेंसी आएगी और हर ट्रांजेक्शन सटीक रहेगा. इन बदलावों को करने के पीछे सरकार का मकसद टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी-लंबी लाइनों को खत्म करना और ट्रैफिक को स्मूद करना है.
1150 टोल प्लाजा पर लागू होगा नियम
देशभर में कुल 1150 से ज्यादा टोल प्लाजा हैं, इन सभी पर इस नियम को लागू किया जा रहा है. इनमें नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस-वे दोनों ही शामिल हैं. एनएचएआई के अनुसार डिजिटल पेमेंट से ट्रैफिक बेहतर हो सकेगा, इससे सफर करने में कम समय लगेगा और यात्रियों के अनुभव में भी सुधार होगा. नियम बदलने के बाद टोल प्लाजा पर से कैश काउंटर हट जाएंगे. ड्राइवरों को FASTag लगाकर चलना जरूरी होगा, यदि किसी वजह से ये काम नहीं करता तो UPI से स्कैन करके पेमेंट करना होगा. इससे साफ है FASTag नहीं होने पर UPI का ऑप्शन होगा. लेकिन FASTag को सबसे तेज और सुविधाजनक तरीका माना जा रहा है.
यूपी में टोल की दर में भी हुआ इजाफा
इस बीच NHAI और यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी की तरफ से टोल की दर में मामूली इजाफा किया गया है. नई दर को अप्रैल 2026 से लागू किया गया है. नेशनल हाइवे पर कार और यात्री वाहनों के लिए टोल 10 प्रतिशत तक बढ़ सकता है. यूपी के एक्सप्रेसवे पर टोल रेट 1.5 प्रतिशत से 3.5 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है.
बाइक का टोल बढ़कर 335 रुपये हुआ
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कार और SUV वालों को 665 रुपये की बजाय 675 रुपये देने होंगे. पहले टू-व्हीलर वालों को 335 रुपये का भुगतान करना होता था. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कार को 10 रुपये ज्यादा 295 रुपये देने होंगे. इसी तरह टू-व्हीलर पर 5 रुपये ज्यादा 145 रुपये देने होंगे. बसों और हेवी व्हीकल पर इस बढ़ोतरी को लागू किया जाएगा. पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर कार और SUV के टोल में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है.
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
यात्रियों को NHAI की तरफ से सुझाव दिया गया है कि 10 अप्रैल से पहले अपना FASTag जरूर चेक कर लें. उसे एक्टिव रखने के साथ ही बैलेंस भी रखें. यदि FASTag नहीं है तो UPI ऐप तैयार रखें. नकद पैसे लेकर जाना अब बेकार होगा. इस बदलाव से शुरुआत में कुछ असुविधा हो सकती है लेकिन लंबे समय में हाइवे पर सफर करना तेज और ज्यादा ट्रांसपेरेंट हो जाएगा.
Bureau Report
Leave a Reply