पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर असम पुलिस ने मारी रेड, हिमंता की पत्नी ने कराई थी FIR

पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर असम पुलिस ने मारी रेड, हिमंता की पत्नी ने कराई थी FIR

असम विधानसभा चुनाव में बढ़े सियासी पारे की तपिश अब दिल्ली तक पहुंच गई है. असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बीच चल रही जुबानी जंग अब कानूनी रूप ले चुकी है. इसी कड़ी में असम पुलिस की एक यूनिट ने पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर छापा मार दिया है. ये सब तब हुआ जब हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. इस छापेमारी के दौरान पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास के बाहर दिल्ली पुलिस पूरी तरह से असम से आए पुलिस अधिकारियों की सहायता कर रही है.

हिमंता की पत्नी के पासपोर्ट को लेकर आरोप

दरअसल असम चुनाव प्रचार में हुए जुबानी जंग के बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पासपोर्ट को लेकर प्रेस का कॉन्फ्रेंस किया था और कई आरोप लगाए थे. उन्होंने कई पासपोर्ट रखने के आरोप लगाए थे. इसके बाद हिमंता की पत्नी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया था. फिर खुद सीएम हिमंता ने कहा था कि वह और उनकी पत्नी दोनों ही 48 घंटों के अंदर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे. 

पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर छापा

अब इसी मुकदमे के बाद पवन खेड़ा के दिल्ली आवास पर छापा मारा गया है. असम पुलिस के साथ पवन खेड़ा के आवास पर दिल्ली पुलिस की भी एक टीम मौजूद है. कानून के मुताबिक यदि किसी एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में जाती है तो वहां की पुलिस को सूचना दी जाती है. बताया जा दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया था. वैसे भी दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं तो कोऑर्डिनेशन में भी कोई कमी नहीं आई है. 

असम चुनाव में पाकिस्तान का कनेक्शन?

ये पूरा मामला तब शुरू हुआ था जब असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं पर जमकर आरोप लगाए थे. हिमंता लंबे समय से गौरव गोगोई को निशाने पर ले रहे थे. बीच में उन्होंने आरोप लगाया कि असम चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान की दिलचस्पी बढ़ी है. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया. पवन खेड़ा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए. इसके जवाब में सरमा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस नेताओं पर फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. 

‘मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना दूंगा’
इसके बाद हिमंता ने कह दिया कि ‘मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना दूंगा’, कुछ दिन इंतजार कीजिए. इसके बाद अब असम पुलिस ने छापा मारा है. हिमंता ने यह भी आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की है उसकी सामग्री का संबंध एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से है. फिलहाल अब देखना है कि मामले में आगे क्या होता है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*