राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी और केंद्रीय सरकार ने इस बार 21 जून को आयोजित होने वाले नीट री-एग्जाम को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. इसी कड़ी में भारतीय वायु सेना (IAF) ने परीक्षा के प्रश्नपत्रों को देशभर के 18 जगहों तक पहुंचा दिया है, जिससे आगामी 21 जून को होने वाली परीक्षा के दिन सभी केंद्रों तक प्रश्नपत्र सुरक्षित और समय पर पहुंचाए जा सकें.
अधिकारियों के मुताबिक, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायु सेना के विमानों का इस्तेमाल किया गया. इसका उद्देश्य ये सुनिश्चित करना है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र तय समय पर संबंधित स्थानों तक पहुंचे और रास्ते में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या सुरक्षा जोखिम से बचा जा सके.
बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू
नीट यूजी 2026 के री-एग्जाम के लिए NTA, केंद्रीय सरकार, राज्य सरकार समेत अन्य सरकारी एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू की है. प्रश्नपत्रों के परिवहन और वितरण की निगरानी के लिए सुरक्षा बलों, स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस मल्टी लेयर्ड सिक्योरिटी सिस्टम के तहत संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा नीट री-एग्जाम के प्रश्नपत्रों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अनियमितता को रोकने के लिए सख्त मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया गया है.
कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे Question Papers
देश भर के 18 जगहों तक भारतीय वायु सेना द्वारा नीट री-एग्जाम के प्रश्नपत्रों को पहुंचाने के बाद उन क्वेश्चन पेपर्स को सुरक्षित रखने के लिए व्यवस्था की गई है. इन प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक भेजने के लिए भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वो सभी जरूरी नियमों का पालन करें जिससे प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनी रहे और किसी भी तरह की गड़बड़ी या लीक की संभावना न हो. प्रश्नपत्रों को केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे ये सुनिश्चित किया जा सके कि वो समय पर और सुरक्षित तरीके से अपने डेस्टिनेशन तक पहुंच पाएं.
21 जून को होगा री-एग्जाम
नीट UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित किया जाएगा. एनटीए की ओर से इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है. दोबारा हो रही नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके.
Bureau Report
Leave a Reply