शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. AC फर्स्ट क्लास कोच में आराम से सफर कर रही 25 साल की युवती अपने साथ 75 लीटर विदेशी शराब लेकर जा रही थी. नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसे ही समस्तीपुर जंक्शन पहुंची, गुप्त सूचना पर RPF, रेल पुलिस और CIB की संयुक्त टीम ने AC फर्स्ट क्लास कोच में तलाशी ली. तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होते ही हड़कंप मच गया. पुलिस ने युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. मामला 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के H-1 कोच का है. बताया गया कि बर्थ नंबर 7 पर एक युवती और युवक के शराब लेकर सफर करने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली थी.
इतनी बड़ी मात्रा में शराब पहुंची कैसे?
ट्रेन के समस्तीपुर जंक्शन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संयुक्त टीम ने कोच की तलाशी शुरू की. जांच के दौरान बैग में छिपाकर रखी गई कुल 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. शराब के साथ पकड़ी गई युवती की पहचान नेहा कुमारी (25 वर्ष), निवासी बारी, वार्ड नंबर 12, थाना सिंघिया, समस्तीपुर के रूप में हुई है. वहीं उसके साथ इशान कुमार (31 वर्ष), निवासी करनाल, हरियाणा को भी गिरफ्तार किया गया.
RPF ने दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना पुलिस को सौंप दिया. रेल थाना पुलिस ने दोनों की मेडिकल जांच कराई और इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि AC फर्स्ट क्लास में सफर कर रही युवती तक इतनी बड़ी मात्रा में शराब पहुंची कैसे? शराब कहां से खरीदी गई थी, इसे बिहार में किसे पहुंचाना था और इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं.
समस्तीपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी में महिलाओं के इस्तेमाल का मामला पहले भी सामने आ चुका है. करीब एक सप्ताह पहले नगर थाना पुलिस ने रेल परिसर से बेबी देवी नाम की महिला को 4.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था. उसकी निशानदेही पर तीन युवकों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों ने क्या अब महिलाओं और AC फर्स्ट क्लास के सफर को भी शराब पहुंचाने का जरिया बना लिया है? रेल परिसर और ट्रेनों में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.
Bureau Report
Leave a Reply