मुंबई: रायन इंटरनेशनल समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेयान पिंटो और स्कूल के संस्थापक उनके माता-पिता ने गुरुग्राम में संस्थान के परिसर में सात वर्षीय छात्र की हत्या के सिलसिले में सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की. रायन इंटरनेशनल स्कूल के दो बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद ये जमानत याचिकायें दायर की गई हैं.उन्होंने कहा कि कानून और विवेक के मुताबिक छात्रों की सुरक्षा और कुशलता के लिये सभी आवश्यक कदम उठाने के बावजूद, अगर ऐसा दुर्भाग्यपूर्ण हादसा होता है तो संस्थान को अपराधी नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि वह खुद दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों का पीड़ित है. पुलिस ने कहा कि गुरुग्राम में स्कूल परिसर में छात्र की निर्मम हत्या के सिलसिले में रायन इंटरनेशनल स्कूल के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि कार्यवाहक प्रधानाचार्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युमन ठाकुर का शुक्रवार को स्कूल के शौचालय में चाकू से गला रेत दिया गया था और बाद में अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस मामले में एक बस परिचालक को गिरफ्तार किया गया है. छात्र की हत्या के बाद इस मामले को लेकर लोगों में काफी जनाक्रोश है. याचिका में कहा गया कि न्यासी और प्रबंधन पुलिस का जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं.
याचिका में कहा गया कि स्कूल परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को जाने की इजाजत नहीं है, बस चालक और परिचालक, जिन्हें स्कूल की तरफ से परिचय पत्र दिया जाता है, को स्कूल परिसर के अंदर शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं के इस्तेमाल की इजाजत मानवीय आधार पर दी जाती है.
Bureau Report
Leave a Reply