नईदिल्ली: जेडीयू के बागी नेता शरद यादव को उद्योग मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक यादव की जगह जदयू द्वारा राज्यसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता बनाये गए आरसीपी सिंह को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा बिहार में महागठबंधन को तोड़कर भाजपा के साथ गठजोड़ करने के फैसले का विरोध कर रहे यादव को पार्टी ने राज्यसभा के सभापति एम वैंकेया नायडू से राज्यसभा की सदस्यता के लिए भी अयोग्य करार देने का अनुरोध किया है.इसके अलावा कांग्रेस सदस्य पी चिदंबरम, शशि थरूर और एम वीरप्पा मोइली को भी गृह, विदेश और वित्त मामलों की समित के अध्यक्ष पद का एक अतिरिक्त कार्यकाल दिया गया है. भाजपा सदस्य भूपेन्द्र यादव को कार्मिक एवं जनशिकायत, विधि एवं न्याय मामलों से जुड़ी संसदीय समित का अध्यक्ष बनाया गया है.
यादव को कांग्रेस सदस्य आनंद शर्मा की जगह इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. शर्मा अब विज्ञान एवं तकनीकी और पर्यावरण एवं वन मामलो से जुड़ी संसदीय समिति की अध्यक्षता करेंगे. अब तक यह जिम्मेदारी कांग्रेस सदस्य रेणुका चौधरी के पास थी.
यादव की अध्यक्षता वाली वाणिज्य मामलों की संसदीय समिति का अध्यक्ष अब अकाली दल सदस्य नरेश गुजराल को बनाया गया है. टीएमसी के सदस्य डेरिक ओ ब्रायन को परिवरहन, पर्यटन और संस्कृति मामलों की समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. फिलहाल इस समिति के अध्यक्ष टीएमसी के सदस्य मुकुल रॉय थे.
Bureau Report
Leave a Reply