अब तक 213 केस: महाराष्ट्र के 4 शहर मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन किया गया

अब तक 213 केस: महाराष्ट्र के 4 शहर मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन किया गयानई दिल्ली. कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के चार शहरों मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन कर दिया गया है। शहर में जरूरी सामान मिलता रहेगा। देश में इस संक्रमण के कारण पहली बार लॉकडाउन किया गया है। राज्य में पहली से आठवीं तक की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सभी को जनरल प्रमोशन दिया जाएगा। उधर, दिल्ली में भी सभी शॉपिंग मॉल्स बंद करने का आदेश दिया गया है। इन मॉल्स में ग्रॉसरी, मेडिकल और वेजिटेबल शॉप्स खुली रहेंगी। इस बीच देश में संक्रमितों की संख्या 213 हो गई है।

सिंगर कनिका कपूर संक्रमित, लंदन से लौटकर 500 लोगों को पार्टी भी दी थी

बेबी डॉल सिंगर कनिका कपूर को भी संक्रमित पाया गया है। वे हाल ही में लंदन से लौटी थीं। खबर यह भी है कि उन्होंने वहां से लौटकर पार्टी दी थी, जिसमें करीब 500 मेहमान शामिल हुए थे। 

राजस्थान में इटली के नागरिक की मौत, सरकार ने कहा- उनका संक्रमण ठीक हो गया था

राजस्थान में कोरोनावायरस से संक्रमित रहे 69 साल के इटली के नागरिक एंड्री कार्ली की शुक्रवार को मौत हो गई। वे अपनी पत्नी और 15 अन्य साथियों के समूह में भारत घूमने आए थे। एंड्री सबसे पहले विदेशी थे, जो देश में कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद उनकी पत्नी और बाकी साथियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। एंड्री की पत्नी जयपुर में और समूह के बाकी 14 सदस्य हरियाणा के मानेसर में क्वारैंटाइन किए गए हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने वॉट्सऐप पर हेल्पडेस्क शुरू की है। यह 24 घंटे काम करेगी।

  • राजस्थान: गुरुवार को जयपुर में एक दंपती में कोरोना का सैंपल पॉजिटिव मिला है। दोनों को आईसोलेशन में रखा गया है। ये 17 मार्च को स्पेन से दुबई होते हुए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद दोनों 18 मार्च को टैक्सी से जयपुर पहुंचे। इनके साथ ही दो ड्राइवरों और होटल स्टाफ के 4 लोगों को भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। 
  • पंजाब:  मोहाली के सिविल सर्जन मंजीत सिंह ने बताया कि 69 साल की महिला कोरोना पाजिटिव पाई गई है। राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है। गुरुवार को संक्रमण से 70 साल के व्यक्ति की मौत हो गई थी। देश में यह कोरोनावायरस से मौत का चौथा मामला है। तीन अन्य मौतें दिल्ली, तेलंगाना और महाराष्ट्र में हुई हैं।
  • गुजरात: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने कहा कि  गुजरात में तीन नए मरीज सामने आए। दो अहमदाबाद और एक वडोदरा में। अहमदाबाद में मिले संक्रमित फिनलैंड और न्यूयॉर्क से लौटे थे। वड़ोदरा में मिला संक्रमित स्पेन से आया था। उन्होंने कहा कि राजकोट में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति विदेश से मुंबई लौटा था और ट्रेन से जामनगर लौटा था। राज्य में कुल पांच संक्रमित हो गए हैं।
  • दिल्ली: सरकार ने सलाह दी है कि राजधानी में स्थित सभी प्राइवेट ऑफिस में 31 मार्च तक कर्मचारियों से घर से काम करने की इजाजत दी जाए। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को घर में रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली में सभी मॉल्स, रेस्टोरेंट 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। टेक-अवे और होम डिलीवरी होती रहेगी। 31 मार्च तक एजुकेशन इंस्टीट्यूट भी बंद रहेंगे।
  • आध्र प्रदेश: स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विशाखापट्‌टनम में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है, जो हाल ही में सऊदी अरब से लौटा था। राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है।
  • तमिलनाडु: कोयंबटूर के कलेक्टर ने कहा है कि आज से तमिलनाडु की केरल से सटी सीमा बंद की जा रही है।मुंबई का फाइव गार्डन ओपन जिम: महाराष्ट्र में 30 मार्च तक जिम बंद किए गए हैं, ऐसे में लोग ओपन जिम में वर्जिश कर रहे हैं। 

दक्षिण पश्चिम रेलवे: एक महिला अफसर को सस्पेंड किया गया। उसने अपने बेटे के स्पेन से लौटने की जानकारी छिपाई थी। अफसरों को जानकारी मिलने के बाद उनके बेटे को आइसोलेशन में रखा गया है। 

उत्तराखंड: स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक अमिता उपरेती ने कहा कि भारतीय वन सेवा के दो ट्रेनी अफसर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी और फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

प.बंगाल: कोलकाता में 22 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह 13 मार्च को लंदन से लौटा था। 16 मार्च को उसे बेलियाघाटा के आईडी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। उसके परिवार के बाकी सदस्यों को भी घर पर क्वारैंटाइन किया गया है। राज्य में संक्रमण का यह दूसरा मामला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। राज्य सरकार संकट का सामना अपने दम पर कर रही है। 

प्रधानमंत्री की अपील- इस रविवार घर से न निकलें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से ऐसा भी लग रहा है जैसे हम संकट से बचे हुए हैं, सब कुछ ठीक है। वैश्विक महामारी कोरोना से निश्चिंत हो जाने की ये सोच सही नहीं है। पीएम ने लोगों से अपील की कि वे ‘जनता कर्फ्यू’ लगाएं। इसके तहत रविवार यानी 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक देशवासी जनता कर्फ्यू का पालन करें। इसका मतलब है कि जनता द्वारा खुद पर लगाया गया कर्फ्यू। उन्होंने कहा कि यह कोरोना जैसी लड़ाई के लिए भारत कितना तैयार है, यह देखने-परखने का भी प्रयास होगा। जनता कर्फ्यू की कामयाबी और इसके अनुभव हमें आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि रविवार शाम 5 बजे अपने-अपने घरों में ताली बजाकर, थाली बजाकर, घंटी बजाकर एक दूसरे का आभार जताएं और इस वायरस से लड़ने के लिए एकजुटता दिखाएं। 

कांग्रेस ने कहा- हम सरकार के साथ: मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद पार्टी प्रवक्ता अजय माकन ने कहा कि कोरोना से लड़ने के लिए हम मोदी सरकार के साथ हैं।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*