Shimla Masjid Case: मस्जिद के अवैध निर्माण पर उग्र प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों पर दूसरी बार हुआ लाठीचार्ज

Shimla Masjid Case: मस्जिद के अवैध निर्माण पर उग्र प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों पर दूसरी बार हुआ लाठीचार्ज

Shimla Sanjauli Mosque: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हिंदूवादी संगठनों का उग्र प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी ढली टनल पर बैरिकेड्स तोड़कर संजाैली बाजार पहुंचे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें एक पुलिस कर्मी के साथ कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है।  पढ़ें अपडेट्स…

प्रदर्शनकारियों की ओर से फिर बैरिकेड तोड़ने का प्रयास
वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को हटाने का पुलिस का प्रयास जारी है। चौक पर भी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस में फिर धक्कामुक्की शुरू हो गई है। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश हो रही। वहीं प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर शिमला जिला प्रशासन ने शहर के सभी स्कूलों को सर्कुलर जारी किया है। स्कूलों से कहा गया है कि अभिभावकों के स्कूल पहुंचने के बाद ही बच्चों को छोड़ जाए।

प्रदर्शन के बीच संजौली क्षेत्र के कई स्कूलों से बच्चों को दी छुट्टी 
प्रदर्शन के बीच संजौली क्षेत्र के कई स्कूलों से बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल से लाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। कई अभिभावक समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाए हैं। उधर, संजौली चौक और बाजार में दोनों तरफ नारेबाजी जारी है। 

प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की, एक महिला कांस्टेबल घायल
मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में संजौली में दो जगह प्रदर्शन हो रहा है। एक प्रदर्शन मस्जिद क्षेत्र के पास है, जहां ढली की ओर से आए प्रदर्शनकारियों को रोका गया है। दूसरा प्रदर्शन संजौली चौक पर हो रहा है, जहां छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार की ओर से आए लोगों को रोका गया है। दोनों जगह माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है। नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ हुई धक्कामुक्की में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

संजौली चौक पर जमकर नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों ने दोनों तरफ से पुलिस को घेर लिया है। संजौली चौक पर जमकर नारेबाजी हो रही है। प्रदर्शनकारी चाैक के दोनों ओर इकट्ठा हो गए हैं। बीच में पुलिस है। एंबुलेंस भी फंस गई है।

संजाैली में माहाैल तनावपूर्ण, प्रदर्शनकारियों पर फिर से लाठीचार्ज
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हिंदूवादी संगठनों का उग्र प्रदर्शन जारी है। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है।  संजौली चौक पर प्रदर्शनकारी फिर से भारी संख्या में जुट गए हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से फिर से बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फिर से लाठीचार्ज किया। 
 

उपनगर टुटू में भी लोगों ने निकाली विरोध रैली
शिमला के उपनगर टुटू में भी लोगों ने विरोध रैली निकालकर अवैध निर्माण को तोड़ने की मांग रखी है। लोगों ने जमकर नारेबाजी की। लोगों ने  वक्फ बोर्ड को बंद करने की मांग उठाई। 

प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ा
प्रदर्शनकारियों और पुलिस में तनाव बढ़ गया है। धक्कामुक्की के बीचप्रदर्शनकारियों ने फिर से मस्जिद की और बढ़ने की कोशिश की है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को 20 मीटर पीछे खदेड़ दिया है। 

पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की
अब प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से खदेड़ा जा रहा है। पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की हुई है। प्रदर्शनकारी जाने के लिए तैयार नहीं, सड़क पर बैठे हैं। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है। संजाैली बाजार डेढ़ घंटे से बंद है। हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पुलिस ने फिर की बैरिकेडिंग, प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने का प्रयास
संजाैली बाजार में माहाैल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। मस्जिद क्षेत्र के बाहर पुलिस ने फिर से बैरिकेडिंग की। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शनकारी  सड़क पर बैठकर चक्का जाम करने की कोशिश कर रहे हैं। 

मस्जिद से 100 मीटर की दूरी पर नारेबाजी, माहाैल तनावपूर्ण
मस्जिद से 100 मीटर दूर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। माैके पर तैनात पुलिस बल की ओर से पानी की बौछारें छोड़कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*