मतगणना से पहले सियासी पारा गर्म हो गया है। आप ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके उम्मीदवारों से संपर्क करने का दावा किया है। आप का आरोप है कि उसके सात प्रत्याशियों को 15-15 करोड़ रुपये लेकर भाजपा में शामिल होने के लिए कहा गया है। जिसके बाद भाजपा ने दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की। एलजी ने आप के इन आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। एसीबी इस मामले की जांच में जुट गई है। एलजी के आदेश के बाद एसीबी की टीम संजय सिंह और मुकेश अहलावत के घर के लिए रवाना हुई। उधर, केजरीवाल के घर भी ACB की टीम पहुंची है।
आप सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि इस बार भी भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। ऐसे में आप को तोड़कर भाजपा सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। आप के सात उम्मीदवारों से भाजपा संपर्क कर 15-15 करोड़ रुपये लेकर पार्टी में शामिल करना चाह रही है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को सचेत रहने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा से जितनी भी कॉल आएं, उनकी रिकॉर्डिंग कर लें। अगर कोई मुलाकात कर पैसे का ऑफर देता है, तो हिडन कैमरे से वीडियो बना लें। बता दें कि कुछ ऐसा ही दावा आप ने 2013 में किया था। उस समय पार्टी ने दिल्लीभर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर दावा किया था कि आप के उम्मीदवारों को 20-20 करोड़ रुपये देकर भाजपा में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 49 दिनों की सरकार चलाने के बाद इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा ने मानी हार
संजय सिंह ने दावा किया कि मतगणना से पहले ही भाजपा ने हार मान ली है। पूरे देश की तरह भाजपा दिल्ली में भी विधायकों को तोड़कर सरकार बनाना चाहती है। 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद शेर सिंह डागर ने आप के विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया था। उसके बाद कई बार प्रयास किए गए। कुछ नेता उसके सामने झुक गए। पंजाब में भी इन्होंने सांसद को भाजपा में शामिल किया। वहीं, दिल्ली में दो मंत्रियों को भाजपा में शामिल करवाया। भाजपा दिल्ली में सरकार गिराने का प्रयास कर सकती है।
आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह के आरोपों पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “संजय सिंह हों या कोई और AAP के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने जो घटिया आरोप लगाए हैं, उसका जवाब देना होगा। आतिशी अभी भी इसी तरह के एक मामले में जमानत पर हैं। अरविंद केजरीवाल 6 बार हमारे नेताओं से माफी मांग चुके हैं। अब संजय सिंह और बाकी लोगों की बारी है।”
आप लीगल हेड संजीव नासियार ने उठाए सवाल
आप पार्टी के लीगल हेड संजीव नासियार ने कहा कि यह बहुत ही आश्चर्यजनक है। पिछले आधे घंटे से यहां बैठी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम के पास कोई कागजात या निर्देश नहीं हैं। वे लगातार किसी से फोन पर बात कर रहे हैं। हमने उनसे जांच के लिए नोटिस मांगा मगर उनके पास कुछ भी नहीं है। संजय सिंह पहले से ही शिकायत दर्ज कराने के लिए एसीबी कार्यालय में हैं। वे(एसीबी टीम) किसके निर्देश पर यहां बैठे हैं? यह भाजपा की राजनीतिक ड्रामा रचने की साजिश है और इसका जल्द ही पर्दाफाश होगा।
अरविंद केजरीवाल पर बरसे प्रवीण खंडेलवाल
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “हमने देखा है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने पिछले 10 सालों में किसी भी असफलता की जिम्मेदारी नहीं ली है। आज इन्होंने (आप) हम पर आरोप लगाया है, कल ये ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप लगाएंगे। निश्चित रूप से दिल्ली में भाजपा भारी बहुमत की सरकार बनाने जा रही है और हम दिल्ली में विकास की नई कहानी लिखेंगे।”
Bureau Report
Leave a Reply