UP: पड़ोसी की दीवार छत पर गिरने से ढहा कच्चा मकान… आठ दबे, मां और बेटी की मौत; 20 मिनट तक दबी रहीं दोनों

UP: पड़ोसी की दीवार छत पर गिरने से ढहा कच्चा मकान... आठ दबे, मां और बेटी की मौत; 20 मिनट तक दबी रहीं दोनों

मेरठ में शुक्रवार रात 9:00 बजे तेज आंधी और बारिश कहर बनकर आई। लिसाड़ीगेट के लखीपुरा गली नंबर- 15 अहमदनगर में पड़ोसी की आठ फीट ऊंची दीवार इंतखाब की छत पर गिर गई। इससे इंतखाब का कच्चा मकान ढह गया। 

मलबे में इंतखाब, भाई दिलशाद, भतीजा एहतेशाम, पत्नी रुखसार, बेटी माहिरा, भतीजी रिमशा, पड़ोसी कादिर और आदिल दब गए। चीख पुकार सुनकर लोगों ने अपनी जान के परवाह किए बगैर परिवार को मलबे से निकाला। 

बाद में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां रुखसार (25) और उसकी 9 महीने की बेटी माहिरा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दिलशाद और एहतेशाम की हालत चिंताजनक बताई गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक इंतखाब के 115 गज के मकान से अयूब का निर्माणाधीन मकान सटा हुआ है। इसकी दीवार इंतखाब के मकान से लगभग आठ फीट ऊंची है। 

निर्माणाधीन मकान की दीवार पड़ोसी की छत पर गिरी
शुक्रवार रात आई आंधी-बारिश से अयूब के निर्माणाधीन मकान की दीवार इंतखाब की छत पर गिर गई। इंतखाब का कच्चा मकान और छत-दीवार के मलबे को नहीं संभाल पाए और उनका मकान ढह गया। मकान में मौजूद इंतखाब और उसका परिवार दीवार और छत के मलबे में दब गया। लोगों ने मलबा हटाकर इंतखाब के परिवार को निकाला। 

हादसे में कई लोग हुए घायल
पुलिस भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटी। मां-बेटी की मौत से मातम का माहौल है। घायल इंतखाब, दिलशाद, एहतेशाम, रिमशा और पड़ोसी कादिर, आदिल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद लिसाड़ीगेट, लोहियानगर, कोतवाली समेत कई थाने की पुलिस के साथ-साथ नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट नवीन श्रीवास्तव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार का हाल भी जाना। 

दीवार गिरने की आशंका पर पड़ोसी से हुआ था विवाद
पड़ोसियों ने बताया कि इंतखाब के परिवार को चार दिन पहले ही दीवार गिरने की आशंका होने लगी थी। इसके चलते इंतखाब ने हादसे की आशंका जताते हुए पड़ोसियों से दीवार को सही कराने के लिए कहा था। आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी झगड़ा करने लगे थे। 

छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया, दो युवकों की हालत चिंताजनक 
जिस समय इंतखाब के मकान को कच्ची छत गिरी, उस समय रुखकार अपनी नौ महीने की बेटी माहिरा को लेकर सोने की तैयारी कर रही थी। बाकी परिवार के सदस्य कमरे से बाहर बैठे थे। लेटी रुखसार और मासूम माहिरा दब गई। करीब बीस मिनट तक मलबे में दबी होने के कारण मां बेटी की तब तक मौत हो चुकी थी। 

मृतक के परिवार को मुआवजा 
इंतखाब का रुखसार के साथ निकाह करीब तीन साल पहले हुआ था। रुखसार लखीपुरा अहमदनगर की गली 18 की रहने वाली थी। सूचना पर उसके परिवार में भी शोक व्याप्त हो गया। मृतका के भाई दिलशाद समेत अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। डीएम डॉ. वीके सिंह और एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद होगी। 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*