भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया है। बीसीसीआई ने तनाव को देखते हुए आईपीएल 2025 का सत्र बीच में ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। इससे पहले गुरुवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच धर्मशाला में खेले गए मैच को सुरक्षा कारणों से बीच में ही रद्द कर दिया गया था क्योंकि आसपास के इलाकों में हवाई हमले की चेतावनी दी गई थी, जिससे शहर में ‘ब्लैकआउट’ कर दिया गया।
पंजाब की टीम तब 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना चुकी थी। तभी लाइटें चली गईं। हालांकि, तब इसका कारण फ्लडलाइट की खराबी बताया गया था। टीमों और दर्शकों को उनकी सुरक्षा के लिए स्टेडियम से बाहर निकाल दिया गया। तब पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह 28 गेंद पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि उनके सलामी जोड़ीदार प्रियांश आर्य ने 34 गेंद पर 70 रन बनाकर तेज गेंदबाज टी नटराजन की गेंद पर आउट हुए थे, जिसके तुरंत बाद खेल रोकना पड़ा। गुरुवार से ही आईपीएल के बाकी बचे मैचों के होने पर संशय था।
किसी आपातकालीन स्थिति में मैच आयोजित करना किसी भी बोर्ड के लिए मुश्किल होता है। ऐसे में फिलहाल मौजूदा स्थिति में पाकिस्तान की नापाक हरकत के बाद आईपीएल को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने का फैसला बीसीसीआई के लिए जरूरी था, क्योंकि विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसा पहले भी हुआ है जब किसी न किसी वजह से भारत में किसी मैच को या भारतीय लीग को स्थगित करना पड़ा या फिर दूसरी जगह आयोजित करना पड़ा।
आईपीएल 2009
2009 में लोकसभा चुनाव की वजह से लीग को दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया था। लीग के सभी मैच दक्षिण अफ्रीका में ही आयोजित किए गए थे। तब पहली बार आईपीएल किसी दूसरे देश में आयोजित किया था। तब चुनाव और लीग की तारीखें न टकराएं, इस वजह से लीग दूसरे देश में आयोजित की गई। बीसीसीआई कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता था। फाइनल में डेक्कन चार्जर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराकर खिताब जीता था।
आईपीएल 2014
2014 में भी लोकसभा चुनाव होने थे। ऐसे में इस सीजन के मैचों को संयुक्त अरब अमीरात और भारत के बीच बांटा गया था। भारतीय चुनावों के साथ टकराव से बचने के लिए शुरुआती मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए थे। लीग के शुरुआती 20 मैच यूएई में खेले गए। दो मई को लीग की भारत में वापसी हुई और फिर टूर्नामेंट के बाकी मैच यहीं खेले गए। फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पंजाब किंग्स को शिकस्त दी थी।
आईपीएल 2020
आम चुनावों के बावजूद भारत में आईपीएल 2019 का सफलतापूर्वक आयोजन करने के एक साल बाद बीसीसीआई को कोविड-19 के कारण पूरा आईपीएल सीजन यूएई में आयोजित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सभी प्रतिबंधों और प्रोटोकॉल के साथ बीसीसीआई ने टूर्नामेंट को यूएई में आयोजित करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर पांचवीं बार ट्रॉफी अपने नाम की।
आईपीएल 2021
भारत 2021 में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक था और भारत में हर दिन कई मामले दर्ज किए गए। अलग-अलग टीमों में भी कोविड के मामले सामने आए। इस वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 30वें मैच से पहले टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया था। बीसीसीआई ने आईपीएल को वापस यूएई में आयोजित किया और बाकी मैच वहीं आयोजित किए। चेन्नई सुपर किंग्स ने फाइनल में केकेआर को हराकर चार बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
टी20 विश्व कप 2021
कोविड के मामलों की वजह से बीसीसीआई ने 2021 टी20 विश्व कप का आयोजन भी यूएई में ही किया था। बीसीसीआई इसका मेजबान था और भारत में मैच होने थे, लेकिन फिर से यूएई में आयोजित करना पड़ा।
आईपीएल 2025
अब आईपीएल 2025 को भी एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया है। बीसीसीआई ने इसकी कोई जानकारी नहीं दी है कि इस लीग के बाकी मैच कब खेले जाएंगे। हालांकि, पाकिस्तान की नापाक हरकत की वजह से इस लीग पर पहली बार असर पड़ा है।
बीसीसीआई अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, ‘यह अच्छा नहीं लगता कि जब देश युद्ध में है तब क्रिकेट चल रहा है।’ आईपीएल 2025 का सत्र अपने अंतिम पड़ाव पर चल रहा था और इसमें फाइनल समेत कुल 16 मुकाबले खेले जाने शेष थे। आईपीएल 2025 सत्र का फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता में खेला जाना था, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इसे एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया है।
इंग्लैंड का भारत दौरा, 2008
मुंबई में 2008 में हुए आतंकी हमले का भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज पर असर पड़ा था। मुंबई में आतंकवादी हमले के बीच इंग्लैंड के खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए उन्हें घर भेज दिया गया था। माहौल तनाव से भरा था और कुछ भी अनिश्चित था। हालांकि, भारत ने एक आतंकी को जिंदा पकड़ लिया था और बाकियों को मार गिराया था। मामला शांत होने के बाद फिर से सीरीज की दोबारा शुरुआत हुई और भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज के बाकी मुकाबले खेले गए।
Bureau Report
Leave a Reply