IPL 2025: SRH के खिलाफ हार से RCB के शीर्ष-2 में रहने की उम्मीदों को लगा झटका, अब GT-पंजाब पर रहना होगा निर्भर

IPL 2025: SRH के खिलाफ हार से RCB के शीर्ष-2 में रहने की उम्मीदों को लगा झटका, अब GT-पंजाब पर रहना होगा निर्भर

आईपीएल 2025 में अब जंग प्लेऑफ से हटकर शीर्ष दो में जगह बनाने की हो गई है। प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकीं गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टीमें अब शीर्ष दो में स्थान बनाने के लिए जूझ रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की हार ने इस टीम के शीर्ष दो स्थान पर रहने की उम्मीदों को झटका दिया है। अब आरसीबी की टीम को शीर्ष दो में रहने के लिए अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। पंजाब की लगातार दो जीत और गुजरात के एक मैच जीतने से टीम को तीसरे या चौथे स्थान पर समाप्त करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि किस टीम के शीर्ष दो में स्थान बनाने का दावा सबसे मजबूत है…

आइए पहले अंक तालिका का मौजूदा हाल जानते हैं…

रैंकटीममैचजीतहारबेनतीजाअंकNRR
1गुजरात टाइटन्स (Q)1394018+0.602
2पंजाब किंग्स (Q)1283117+0.389
3रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Q)1384117+0.255
4मुंबई इंडियंस (Q)1385016+1.292
5दिल्ली कैपिटल्स (E)1366113-0.019
6लखनऊ सुपर जाएंट्स (E)1367012-0.337
7कोलकाता नाइट राइडर्स (E)1356210+0.193
8सनराइजर्स हैदराबाद (E)1357111-0.740
9राजस्थान रॉयल्स (E)1441008-0.549
10चेन्नई सुपर किंग्स (E)1331006-1.030
(Q): क्वालिफाई, (E): एलिमिनेटेड

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
आरसीबी के लिए सबसे आसान समीकरण यह है कि टीम और उसके फैंस यह मनाएं कि टीम लखनऊ के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीत जाए और गुजरात अपना आखिरी मैच हार जाए। ऐसे में आरसीबी का शीर्ष दो में स्थान पक्का हो जाएगा। इस स्थिति में यह फर्क नहीं पड़ेगा कि पंजाब अपने दोनों मैच जीतती है या हारती है। गुजरात अगर सीएसके के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतती है तो आरसीबी के लिए परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। टीम को हार हाल में अपना आखिरी मैच जीतना होगा और वह भी बड़े अंतर से। साथ ही यह मनाना होगा कि पंजाब एक मैच बड़े अंतर से हारे ताकि उनका नेट रन रेट बेंगलुरु से कम रहे। इस स्थिति में पंजाब के एक मैच जीतने पर भी दोनों के 19-19 अंक होंगे और नेट रन रेट पर दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का फैसला होगा। अगर गुजरात की अपना आखिरी मैच जीतती है और पंजाब अपने दोनों मैच हार जाए तो यह सोने पर सुहागा होगा और आरसीबी के लिए बस एक जीत काफी होगी शीर्ष दो में स्थान पक्की करने के लिए। गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच हारती है और पंजाब अपने दोनों मैच हारती है तो बेंगलुरु के लिए 27 मई को लखनऊ के खिलाफ जीत काफी होगा। इस स्थिति में मुंबई के लिए भी शीर्ष दो का रास्ता खुल जाएगा।

गुजरात टाइटंस
गुजरात की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम के 18 अंक हैं और शीर्ष दो में स्थान बनाने के लिए सबसे मजबूत दावेदार है। टीम के लिए 25 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए काफी होगा। अगर टीम जीतती है तो 20 अंक लेकर शीर्ष दो में अपना स्थान पक्की कर लेगी। मौजूदा स्थिति में सिर्फ पंजाब ही 20 का आंकड़ा पार कर सकती है। हालांकि, सीएसके के खिलाफ हार टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर देगा। गुजरात की टीम हार हाल में सीएसके के खिलाफ मुकाबले को जीतना चाहेगी। अगर टीम हारती है तो उसे मनाना होगा कि पंजाब दिल्ली से हार जाए, लेकिन मुंबई को हरा दे। साथ ही बेंगलुरु भी अपना आखिरी मुकाबला हार जाए। इस स्थिति में आरसीबी के 17 अंक और मुंबई के 16 अंक ही रह जाएंगे, जबकि पंजाब 19 अंक और गुजरात 18 अंक के साथ शीर्ष दो में रहेगी। इस स्थिति में पंजाब अगर दिल्ली से जीतकर मुंबई से हार जाती है तो एमआई पलटंस के 18 अंक हो जाएंगे और मुंबई टीम का नेट रन रेट सभी 10 टीमों में सबसे बेहतर है। ऐसे में मुंबई और गुजरात के 18-18 अंक होने पर मुंबई क्वालिफाई कर जाएगी और गुजरात चूक जाएगी। गुजरात के लिए एक और समीकरण यह है कि अगर गिल की टीम अपना आखिरी मैच हारती है तो उन्हें मनाना होगा कि पंजाब अगर अपने दोनों मैच हार जाए और आरसीबी भी अपना आखिरी मुकाबला हार जाए। ऐसे में मुंबई और गुजरात 18-18 अंक लेकर शीर्ष दो में रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचेगी।

पंजाब किंग्स
पंजाब की टीम इस वक्त सबसे आरामदायक स्थिति में है। हालांकि, उन्हें भी शीर्ष दो के लिए अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। एक जीत से उनकी स्थिति पक्की नहीं होगी। टीम को दिल्ली के खिलाफ (24 मई) और मुंबई के खिलाफ (26 मई) को हर हाल में जीतना होगा। इस स्थिति में उनके सबसे ज्यादा 21 अंक होंगे और शीर्ष स्थान पक्का होगा। इस स्थिति में गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच जीतती भी है तो उसके 20 अंक हो पाएंगे और पंजाब के बाद दूसरे स्थान पर रहेगी। एक जीत और एक हार से पंजाब के 19 अंक होंगे और इस स्थिति में टीम को यह मनाना होगा कि गुजरात या तो अपना आखिरी मैच हार जाए और बेंगलुरु अपना आखिरी मैच जीते या फिर बेंगलुरु अपना आखिरी मैच हारे और गुजरात जीत जाए। गुजरात के हारने और बेंगलुरु के जीतने पर पंजाब और बेंगलुरु दोनों के 19-19 अंक होंगे और शीर्ष दो में स्थान पक्का हो जाएगा। गुजरात के जीतने और बेंगलुरु के हारने पर गुजरात के 20 अंक और पंजाब के 19 अंक होंगे और दोनों का शीर्ष दो स्थान पक्का हो जाएगा।

मुंबई इंडियंस
मुंबई कई टीमों का खेल बिगाड़ सकती है। टीम को अगर शीर्ष दो में जगह बनानी है तो उन्हें यह मनाना होगा कि गुजरात अपना आखिरी मैच हार जाए। साथ ही मुंबई पलटंस पंजाब को आखिरी मैच में हरा दे और आरसीबी अपना आखिरी मैच हार जाए। इस स्थिति में मुंबई और गुजरात दोनों के 18-18 अंक होंगे, जबकि पंजाब के 19 अंक होंगे। मुंबई की टीम बेहतर नेट रन रेट की वजह से गुजरात से ऊपर रहेगी और शीर्ष दो में रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचेगी। मुंबई को हर हाल में पंजाब के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना ही होगा। अगर गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच जीतती है तो मुंबई को मनाना होगा कि पंजाब अपने दोनों और आरसीबी अपना आखिरी मैच हार जाए। इस स्थिति में गुजरात के 20 अंक होंगे और मुंबई 18 अंक के साथ शीर्ष दो में स्थान पक्की कर लेगा। पंजाब और आरसीबी के 17-17 अंक ही रह जाएंगे। आरसीबी के आखिरी मैच जीतने पर मुंबई की टीम को मनाना होगा कि गुजरात और पंजाब अपने बाकी मैच हार जाएं। तब बेंगलुरु और मुंबई शीर्ष दो स्थान पर रहेंगे।

29 मई से प्लेऑफ की शुरुआत, तीन जून को मिलेगा चैंपियन
प्लेऑफ लेग की शुरुआत 29 मई से होने जा रही है। इस साल क्वालिफायर-एक 29 मई को मोहाली में खेला जाएगा। वहीं, एलिमिनेटर 30 मई को मोहाली में ही खेला जाएगा। एक जून को अहमदाबाद में क्वालिफायर-दो खेला जाना है, जबकि तीन जून को अहमदाबाद में ही फाइनल खेला जाएगा। क्वालिफायर-एक में अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें भिड़ती हैं। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलता है।

क्वालिफायर-एक के बाद एलिमिनेटर खेला जाता है। यह अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाता है। यह एक नॉकआउट मैच होता है। हारने वाली टीम आईपीएल से बाहर हो जाती है, जबकि जीतने वाली टीम को क्वालिफायर-एक में हारने वाली टीम के साथ क्वालिफायर-दो में भिड़ना होता है। इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालिफायर-एक को जीतने वाली टीम से फाइनल में भिड़ती है, जबकि हारने वाली टीम आईपीएल से बाहर हो जाती है। तीन जून को इस साल का विजेता मिल जाएगा।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*