पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच सिविल जज सुनील कुमार की अदालत में पेश किया। पुलिस ने अदालत को बताया कि ज्योति के लैपटॉप और मोबाइल से 12 टेराबाइट (टीबी) डाटा मिला है, जिसके विश्लेषण के लिए समय चाहिए।
पुलिस ने रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग नहीं रखी। महज 10 मिनट सुनवाई के बाद अदालत ने ज्योति मल्होत्रा को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में अगली सुनवाई 9 जून को होगी।
ज्योति ने नहीं किया निजी वकील
चार दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ज्योति को लेकर अदालत पहुंची। सरकार की ओर से अभियोजन विभाग के सहायक जिला न्यायवादी मंदीप बड़क ने पक्ष रखा। ज्योति मल्होत्रा ने निजी वकील नहीं किया। उसकी ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जोगमणि शर्मा, नितिन कुमार और दीपक कुमार ने पक्ष रखा।
ज्योति के लैपटॉप और मोबाइल से 12 टीबी डाटा मिला
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर निर्मला ने अदालत को बताया कि ज्योति के लैपटॉप और मोबाइल से 12 टीबी डाटा मिला है। इसकी विस्तृत जांच में समय लगेगा। इसलिए फिलहाल ज्योति को न्यायिक हिरासत में भेज सकते हैं। इसके बाद अदालत ने दूसरे पक्ष से कुछ नहीं पूछा। सुनवाई के दौरान ज्योति भी कुछ नहीं बोली। न ही उसकी पैरवी कर रहे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वकीलों ने कोई तर्क दिया।
अदालत परिसर के गेट बंद किए
ज्योति मल्होत्रा को पेश किए जाने के मद्देनजर मीडियाकर्मी सुबह 9 बजे से अदालत के बाहर डटे थे। पुलिस करीब साढ़े तीन बजे ज्योति को निजी स्काॅर्पियो में लेकर आई। गाड़ी के अदालत परिसर के अंदर जाते ही पुलिस ने गेट बंद कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
तीसरी बार अदालत में पेश किया
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद ज्योति के तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए करनाल की मधुबन लैब भेजा था। ज्योति के चार बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। यह तीसरी बार है, जब ज्योति मल्होत्रा को अदालत में पेश किया गया।
पहले पांच दिन और फिर चार दिन के रिमांड पर भेजा गया। ज्योति उन 12 लोगों में शामिल है, जिन्हें पिछले तीन सप्ताह के दौरान जासूसी के संदेह में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। जांचकर्ताओं को उत्तर भारत में पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क के सक्रिय होने का संदेह है।
लाहौर में एके-47 लिए 6 गार्ड्स के साथ 52 मिनट घूमी ज्योति
ज्योति मल्होत्रा का पाकिस्तान टूर का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें वह लाहौर के अनारकली बाजार में एके-47 लिए 6 गार्ड्स के साथ घूम रही है। साथ वीडियो बना रहे स्कॉटिश यू-ट्यूबर कैलम मिल ने भी इसे अपने चैनल पर अपलोड किया है। ज्योति ने अपने चैनल पर इंडियन गर्ल इन लाहौर पाकिस्तान, हाउ आर पाकिस्तानी टाइटल से इस वीडियो को अपलोड किया है। वहीं, इंडियन गर्ल एक्सप्लोरिंग अनारकली बाजार ऑफ लाहौर पाकिस्तान थंबनेल नाम दिया है।
दो महीने पहले अपलोड 52 मिनट 47 सेकेंड के इस वीडियो के एक मिलियन से ज्यादा व्यूज आए हैं। 15 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। वहीं पांच हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट किए हैं। ज्योति के साथ दिखाई देने वाले हथियारबंद छह लोग पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी बताए जा रहे हैं।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सभी गार्ड्स ज्योति को वीआईपी ट्रीटमेंट दे रहे हैं। वीडियो में यू-ट्यूबर कैलम हैरानी जताते हुए कह रहे हैं कि एक सामान्य यू-ट्यूबर के लिए इतनी भारी सिक्योरिटी देखकर मैं हैरान हूं। आखिर इतनी बंदूकों को जरूरत क्या है।
पाकिस्तान बहुत पंसद आया: ज्योति
वीडियो में ज्योति, कैलम से पूछती है कि क्या आप पहली बार पाकिस्तान आए हो। इस पर वह कहते हैं कि मैं पांचवीं बार आया हूं। ज्योति पूछती है पाकिस्तान आपको कैसा लगा? कैलम पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाता है। इस पर ज्योति कहती है कि आप कभी इंडिया आए हो? मैं इंडिया से हूं। कैलम इस पर हां में जवाब देते हैं। फिर कैलम पूछता है आपको पाकिस्तान कैसा लगा? इस पर ज्योति कहती है कि बहुत पसंद आया। मालूम हो कि लाहौर में ही ट्रेन से जाने के दौरान पाकिस्तान के पुलिसकर्मी ने ज्योति को चाय पिलाई थी। यह वीडियो भी बहुत चर्चा में रहा था।
चार लाख के पार हुए ज्योति के यूट्यूब फॉलोअर्स
ज्योति के यू-ट्यूब चैनल पर फॉलोअर्स की संख्या चार लाख के पार हो गई है। ज्योति की गिरफ्तारी के वक्त 3.77 लाख फॉलोअर्स थे। अब यह संख्या 4.01 लाख हो गई है। ज्योति के फेसबुक पेज पर भी पांच से छह हजार फॉलोअर्स बढ़ चुके हैं।
Bureau Report
Leave a Reply