नशे के खिलाफ पंजाब की मान सरकार ने बुधवार को सबसे बड़ा एक्शन लिया। अकाली नेता विक्रम मजीठिया के घर विजिलेंस की रेड पड़ी है। मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर छापेमारी जारी है। बिक्रम मजीठिया की पत्नी विधायक गुनीव काैर मजीठिया भी घर पर माैजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार बिक्रम मजीठिया के घर समेत अमृतसर में कुल नाै ठिकानों पर छापेमारी की गई है। पूरे पंजाब में 25 ठिकानों पर छापेमारी की गई है। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी नशा कारोबार से जुडे़ मामले में की जा रही है। रेड ड्रग मनी की तलाश में हो रही है। वहीं मजीठिया के चंडीगढ़ स्थित आवास में सतर्कता अधिकारी बाड़ फांदकर घुसे।
बिक्रम मजीठिया के ग्रीन एवेन्यू स्थित घर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी रास्ते भी बैरिकेड लगाकर बंद किए गए हैं। पता चला है कि मजीठिया घर में ही हैं।
एजेंसियों ने कई दस्तावेज कब्जे में लिए
पंजाब सरकार की अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों की ओर से नशा तस्करी के मामले में मजीठिया के अमृतसर ग्रीन एवेन्यू स्थित घर की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने कई दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। अभी छानबीन चल रही है और किसी को भी मजीठिया के घर की तरफ आने जाने नहीं दिया जा रहा है। आसपास के घरों और कोठियों में भी सुरक्षा कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।
मजीठिया के घर के बाहर रास्तों पर पंजाब पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं।
मजीठिया बोले-मेरे खिलाफ नया झूठा केस दर्ज करने की तैयारी
रेड पर बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मैंने बहुत पहले ही कहा था कि जब भगवंत मान सरकार को नशीली दवाओं के झूठे मामले में मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो अब मेरे खिलाफ एक नया झूठा मामला दर्ज करने की तैयारी है।
मजीठिया ने कहा कि आज विजिलेंस के एसएसपी की अगुवाई में टीम ने मेरे घर पर छापेमारी की है। भगवंत मान यह बात समझ लें, जितने भी मामले दर्ज कर लें, न तो मैं डरूंगा और न ही आपकी सरकार मेरी आवाज दबा सकती है। मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों की बात की है और आगे भी करूंगा। मुझे अकाल पुरख, गुरु साहिब पर पूरा भरोसा है। अंत में सच की जीत होगी।
Bureau Report
Leave a Reply