दिल्ली से लेह जा रहे इंडिगो के विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट की सूचना पर विमान को वापस दिल्ली लाया गया। विमान की आपात लैंडिंग से यात्रियों में हड़कंप मच गया। बाद में यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया। वहीं हैदराबाद से तिरुपति जा रहे स्पाइसजेट के विमान एसजी 2696 की तकनीकी खराबी आने के बाद वापस हैदराबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 में तकनीकी खराबी आ गई। विमान के लेह में उतरने के लिए परिचालन प्रतिबंधों के कारण इसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। पायलट वापस दिल्ली लौट आया। परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान का आवश्यक रखरखाव किया जा रहा है। इस बीच यात्रियों को लेह ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।
हैदराबाद वापस लौटी फ्लाइट
हैदराबाद से तिरुपति जा रहे स्पाइसजेट एसजी 2696 विमान में तकनीकी खराबी आ गई। यह विमान सुबह 6:10 बजे उड़ना था, लेकिन यह 6:19 पर उड़ा। इसके बाद विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। पीआरओ जीएमआर ने बताया कि विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लाया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में खराबी
इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा। ड्रीमलाइनर विमान एआई180 समय पर (रात 12.45 बजे) हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।
दिल्ली आ रहे एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान में आई थी खराबी
इससे पहले हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में ही तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा था। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एअर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है।
Bureau Report
Leave a Reply