पशम्यलारम में सिगाची इंडस्ट्रीज के फार्मा प्लांट में हुए विस्फोट में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। जिला पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने मंगलवार सुबह पीटीआई को बताया कि मलबा हटाते वक्त कई शव बरामद हुए। मलबे से अब तक 31 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बीच मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी अपने कुछ कैबिनेट साथियों के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
मियापुर में प्रणाम अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क करने पर पता चला कि सोमवार को उनके यहां जलने और सिर में चोट लगने के कारण 21 मरीज आए थे। हालांकि, दो को मृत घोषित कर दिया गया और एक की आज सुबह मौत हो गई। पटांचेरू में ध्रुव अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को उनके यहां 11 मरीज आए थे, जिनमें से दो को सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारी ने कहा, ‘नौ मरीजों में से पांच वेंटिलेटर पर हैं। हमारे पास सात मरीज हैं, जो 40-80 प्रतिशत तक जले हुए हैं और दो 10 प्रतिशत जले हुए हैं।’
पहचान के लिए शवों की डीएनए प्रोफाइलिंग की जरूरत
राजस्व विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, अभी तक नौ शवों की पहचान ही हो पाई है, जबकि बाकी शवों की डीएनए प्रोफाइलिंग की जरूरत है। मृतकों में से अधिकांश ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे राज्यों के थे।
केमिकल रिएक्शन एक बड़ी वजह
फार्मा कंपनी में सोमवार को हुई घातक दुर्घटना के पीछे केमिकल रिएक्शन एक बड़ी वजह हो सकती है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक फार्मास्युटिकल कंपनी है, जो सक्रिय फार्मास्युटिकल सामग्री (एपीआई), इंटरमीडिएट्स, एक्सिपिएंट्स, विटामिन-मिनरल ब्लेंड्स, संचालन और प्रबंधन (ओएंडएम) सेवाओं के लिए जानी जाती है।
Bureau Report
Leave a Reply