बादल फटने से तबाही; 10 लोगों की मौत, कुछ लापता, जान पर खेल जिंदगी बचाने में लगे जवान

बादल फटने से तबाही; 10 लोगों की मौत, कुछ लापता, जान पर खेल जिंदगी बचाने में लगे जवान

मसूरी देहरादून मार्ग बंद होने से कई जगह फंसे वाहन

मसूरी देहरादून मार्ग बंद होने से सड़क में बीच-बीच में कई जगह वाहन फंसे हैं। पुलिस लगातार अनाउंस कर लोगों से मसूरी-दून मार्ग में यात्रा नहीं करने की अपील कर रही है। 

प्रेमनगर में बीच से टूटा नंदा की चौकी के पास पुल, संपर्क कटा 

बारिश के चलते प्रेमनगर में नंदा की चौकी पुल के बीच का हिस्सा ढह गया। इससे प्रेमनगर से विकासनगर, सेलाकुई समेत अन्य जगह जाने का संपर्क मार्ग भी कट गया।

भारी बारिश से देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ पुल की एप्रोच रोड बही

भारी बारिश के कारण  लालतप्पड़ क्षेत्र में भी काफी नुकसान हुआ है। थानों और भोगपुर की पहाड़ियों में हुईं भारी बारिश के कारण  जाखन नदी में उफान आ गया। जिससे बड़कोट और थानों वन रेंज से दर्जनों बड़े पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ जाखन पुल के नीचे फंस गए। जिससे बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा। दर्जनों लोगों के घरों में भी घुस गया। वहीं कई खेत भारी कीचड़ से भर गए। पुल के पास स्थित देवी के मन्दिर परिसर में कीचड़ भर गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के ट्रैफिक को रुकवाया। 

पुलिस और प्रशासन ने की अपील

बारिश के बाद उपजे हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के समय यात्रा न करने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने के लिए कहा गया। झुग्गियों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने के अपील की गई।

बदरीनाथ हाईवे बोल्डर गिरने से बंद

कर्णप्रयाग और गौचर में बदरीनाथ हाईवे बोल्डर गिरने से बंद हैं। वहीं श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुई है।खतरे का स्तर पार करने की आशंका है।

जखन नदी पर बना पुल का एक हिस्सा टूटा

डोईवाला के जखन नदी पर बना पुल का एक हिस्सा टूटकर बह गया है। मार्ग पूरी तरह से बंद रखा जा रहा है।

दस लोगों की मौत

देहरादून में बादल फटने की घटना से भारी तबाही मची है। दस लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें छह मृत लोग प्रेमनगर अस्पताल में परवल क्षेत्र से लाए गए। सहस्त्रधारा से बह कर आए तीन मृत कोरोनेशन अस्पताल में रखे गए। और एक की मौत नया गांव क्षेत्र में हुई है।

छह मजदूरों की मौत

देहरादून प्रेमनगर परवल आसन नदी में दस मजदूर बह गए। घटना में छह लोगों की मौत हो गई। नया गांव चौकी क्षेत्र में पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है।

पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम धामी से ली आपदा की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह ने  दूरभाष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में आई आपदा की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार आपदा की इस घड़ी में राज्य के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य में राहत कार्य और तेज़ी से संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तत्परता से सक्रिय है और बचाव एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी देहरादून जनपद के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं । इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ उपस्थित हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित परिवार को असुविधा न हो और राहत सामग्री, सुरक्षित ठहराव, भोजन, पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं। कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय हैं।

इंस्टिट्यूट में फंसे बच्चों का सफल रेस्क्यू

देहरादून के पौंधा स्थित देवभूमि इंस्टिट्यूट परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें लगभग 200 छात्र-छात्राएं फंसे होने की सूचना एसडीआरएफ को मिली। उक्त सूचना पर एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, देहरादून से एक रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। जलभराव के बीच टीम ने अत्यंत सूझबूझ एवं तत्परता से कार्य करते हुए सभी 200 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एसडीआरएफ उत्तराखंड द्वारा यह रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*