अचानक आई गर्मी के बाद फिर गिरा पारा… मौसम के U-टर्न पर IMD ने जारी किया 10 राज्यों में अलर्ट

अचानक आई गर्मी के बाद फिर गिरा पारा... मौसम के U-टर्न पर IMD ने जारी किया 10 राज्यों में अलर्ट

इस साल मार्च का महीना शुरू होते ही इस बार गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. लोगों ने अपने घरों के एसी, कूलर चलाने भी शुरू कर दिए. आमतौर पर सर्दी के बाद आने वाला सुहावना बसंत इस बार जैसे गायब ही हो गया और मौसम सीधे गर्मी में बदलता नजर आ रहा है. तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोग अभी से राहत के लिए ठंडी हवाओं और बारिश का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि मौसम को लेकर अब कुछ राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान लगाया है. कई राज्यों में बारिश, आंधी, ओले बरसने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 15 से 19 मार्च के बीच मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम करवट ले सकता है. यहां कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि देश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का असर बना रह सकता है. कुछ राज्यों में हीटवेव और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रहने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में गिरने के बाद फिर चढ़ेगा पारा 

दिल्ली-एनसीआर में आने वाले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज थोड़ा बदलता हुआ नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है और इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले सप्ताह में राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है. 

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह मौसम का यू-टर्न

इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 मार्च की सुबह हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है. इस दौरान गरज-चमक भी हो सकती है, लेकिन बारिश बहुत ज्यादा होने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के कारण हो सकता है. इसके चलते आसमान में बादल छाए रहने और हल्की हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि हल्की बारिश और बादलों की वजह से लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है.

यूपी-उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मार्च को मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में इन दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है.

बिहार-झारखंड में होगी बारिश

बिहार और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 18 मार्च के बीच बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं झारखंड में 15 से 17 मार्च के बीच बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि बारिश से पहले राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रभाव बना रह सकता है. मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को कुछ क्षेत्रों में हीटवेव चलने की चेतावनी भी जारी की है.

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है. 15 से 19 मार्च के बीच इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की तो कहीं ज्यादा बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ओले गिरने की आशंका जताई है. ऐसे हालात में पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड फिर से बढ़ सकती है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

भारत के पूर्वोत्तर में भी आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ नजर आ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 19 मार्च के बीच क्षेत्र के कई राज्यों में व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. सबसे ज्यादा असर अरुणाचल प्रदेश में देखने को मिल सकता है. यहां 13 से 16 मार्च के बीच कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है. वहीं असम और मेघालय राज्यों में 13 से 15 मार्च के बीच कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 -50 किमी प्रतिघंटा तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. 

मध्य और पश्चिम भारत में भी मौसम में बदलाव का अनुमान

मध्य भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. विदर्भ क्षेत्र में 14 से 17 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं मध्य प्रदेश में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी 15 से 17 मार्च के दौरान मौसम बदल सकता है. इन राज्यों के कई हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*