चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी! टूर ऑपरेटरों की मनमानी पर लगेगी लगाम, परिवहन विभाग ने लागू किये नए नियम

चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी! टूर ऑपरेटरों की मनमानी पर लगेगी लगाम, परिवहन विभाग ने लागू किये नए नियम

चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए परिवहन विभाग ने इस वर्ष कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए हैं. अब यात्रा पर जाने वाले हर वाहन के ट्रिप कार्ड में यात्रियों और चालक की जानकारी के साथ-साथ टूर ऑपरेटर या वाहन मालिक का नाम, मोबाइल नंबर और लाइसेंस नंबर दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान होने वाली अनियमितताओं और फर्जीवाड़े पर लगाम लगाना है. 

क्यों किया जा रहा बदलाव
पहले ट्रिप कार्ड पर ऑपरेटर की जानकारी दर्ज नहीं होती थी, जिसके कारण शिकायत मिलने पर केवल चालक के खिलाफ ही कार्रवाई हो पाती थी. अब यदि किसी तरह की शिकायत सामने आती है तो टूर ऑपरेटर की जिम्मेदारी भी सीधे तय होगी और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकेगी. 

अधिक किराया लेने पर परमिट होगा निरस्त
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर आरटीओ (प्रशासन) और यात्रा के नोडल अधिकारी संदीप सैनी ने हाल ही में ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन से जुड़ी बस कंपनियों, टैक्सी-मैक्सी कैब यूनियन और टेंपो ट्रैवलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में साफ चेतावनी दी गई कि यात्रियों से तय किराये से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित वाहन का परमिट तत्काल निरस्त किया जाएगा. 

नए नियमों के तहत ये भी जरूरी
परिवहन विभाग ने सभी परिवहन कंपनियों को बसों की तकनीकी स्थिति पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही चालकों के लिए वर्दी पहनना अनिवार्य होगा. ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. हर वाहन में डस्टबिन और स्पीड लिमिट डिवाइस लगाना भी जरूरी कर दिया गया है. 

चारधाम यात्रा के लिए 1800 बसें 
यात्रा संचालन के लिए इस बार कुल 1800 बसें उपलब्ध रहेंगी, जिनमें से 400 बसों को रिजर्व रखा जाएगा. प्रतिदिन लगभग 130 बसें यात्रियों को लेकर रवाना होंगी और 10 दिन की अवधि में करीब 1300 बसें यात्रा मार्गों पर संचालित होंगी. जिन वाहनों के ग्रीन कार्ड या ट्रिप कार्ड समय पर नहीं बन पाएंगे, उनके लिए ऋषिकेश में तत्काल कार्ड जारी करने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और हरबर्टपुर में सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं.

सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक 225 मैक्सी कैब 
केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक 225 मैक्सी कैब की शटल सेवा चलाई जाएगी. इसके लिए प्रति यात्री 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है. सोनप्रयाग में वाहनों की पार्किंग होगी और आगे का आवागमन केवल शटल सेवा के माध्यम से ही संभव होगा.

यात्रा मार्ग पर निगरानी को मजबूत करने के लिए छह स्थायी चेकपोस्टों के साथ कई प्रवर्तन दल भी तैनात किए जाएंगे. ये दल यमुनोत्री, गंगोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ मार्गों पर सक्रिय रहेंगे और हर वाहन के ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड, चालक की स्थिति और ओवरलोडिंग की जांच करेंगे, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनी रहे.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*