कांशीराम जयंती पर बसपा का शक्ति प्रदर्शन, 15 मार्च को ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

कांशीराम जयंती पर बसपा का शक्ति प्रदर्शन, 15 मार्च को ‘लखनऊ चलो’ आह्वान, जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी ने 15 मार्च को ‘लखनऊ चलो’ का आह्वान किया है. इस दिन राजधानी लखनऊ में पुरानी जेल रोड स्थित कांशी राम स्मारक स्थल पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी जमावड़ा होने की उम्मीद है.

लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर होगा मुख्य आयोजन
मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में पुरानी जेल रोड स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रदेश के 12 मंडलों से बसपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे. पार्टी संगठन कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है ताकि आयोजन को भव्य और प्रभावशाली बनाया जा सके.

मायावती के शामिल होने की संभावना
इस कार्यक्रम में बसपा सुप्रीमो मायावती के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. यदि वह कार्यक्रम में आती हैं तो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और दिशा स्पष्ट कर सकती हैं. हालांकि उनके शामिल होने को लेकर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.

नोएडा और भरतपुर में भी होंगे बड़े कार्यक्रम
लखनऊ के अलावा बसपा कांशीराम जयंती के अवसर पर अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित करेगी. नोएडा में भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जबकि राजस्थान के भरतपुर में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी है. इस रैली में पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं.

विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कोशिश
बसपा इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देख रही है. माना जा रहा है कि मायावती इस मंच से कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति का संदेश दे सकती हैं. पार्टी का उद्देश्य समय रहते संगठन को सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर चुनावी मैदान में उतरना है.

कई सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी
बसपा ने जालौन की माधौगढ़ सीट से आशीष पांडेय को प्रत्याशी घोषित कर दिया है. इसके अलावा आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से अबुल कैश, जौनपुर की मुंगरा बादशाहपुर सीट से विनोद मिश्रा और सहारनपुर देहात से फिरोज आफताब के नामों पर भी चर्चा है. पार्टी अगले दो महीनों में करीब 50 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*