गोरखपुर-कुशीनगर और बलिया में बड़ा हादसा, कहीं तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने MBBS छात्र को उड़ाया, तो कहीं बाइक की भिड़ंत में गई दो लोगों की जान

गोरखपुर-कुशीनगर और बलिया में बड़ा हादसा, कहीं तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने MBBS छात्र को उड़ाया, तो कहीं बाइक की भिड़ंत में गई दो लोगों की जान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसों में कई लोगों की जान चली गई. पहले बात करेंगे गोरखपुर की, जहां ‘रॉन्ग साइड’ से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने कई वाहनों को उड़ा दिया. इस कार ने बाइक और स्कूटी सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे BRD मेडिकल कॉलेज के MBBS थर्ड ईयर के छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. 

ओवरब्रिज की रेलिंग में फंसा शव
यह हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर हुआ. ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र का शव उड़कर ओवरब्रिज की रेलिंग में फंस गया. हादसे में कुछ अन्य वाहन चालक भी घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को लग्जरी कार समेत गिरफ्तार कर लिया है.

क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी?
मृतक की पहचान संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र निवासी आकाश पांडेय के रूप में हुई है, जो बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे. बताया जा रहा है कि आकाश अपने सहपाठी अनूप के कुड़ाघाट स्थित घर भोजन करने गए थे और देर रात कॉलेज लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर कार गलत दिशा से तेज रफ्तार में आई और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया

दो बाइकों की जोरदार टक्कर
उधर, कुशीनगर में दो बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई. ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. इस भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान अमित साहनी (करीब 24 वर्षीय) निवासी भटहट गुलहरिया गोरखपुर और ओम सिंह (करीब 17 वर्षीय) निवासी विसंभरपुर कुशीनगर के रूप में हुई है.

मृतक के परिजनों का बुरा हाल
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई. यह घटना कसया थाना क्षेत्र के बुद्ध मंदिर मार्ग के नौका विहार के पास की है. इन सड़क हादसों में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

बलिया में भी हुआ भीषण हादसा
वहीं, बलिया में भी भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया. दो बाइक पर चार युवक सवार थे. यह घटना रसडा थाना के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास की है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*