गोरखपुर में बेकाबू फॉर्च्यूनर का डबल डेथ कांड, MBBS छात्र के बाद डॉक्टर के भाई की भी मौत, 35 चालान वाली कार पर उठे सवाल

गोरखपुर में बेकाबू फॉर्च्यूनर का डबल डेथ कांड, MBBS छात्र के बाद डॉक्टर के भाई की भी मौत, 35 चालान वाली कार पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होली की रात तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं. मोहद्दीपुर–कौवाबाग ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से आ रही बेकाबू फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में पहले आकाश पांडेय की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उमेश शर्मा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

बताया जा रहा है कि उमेश शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार शर्मा के भाई थे. वे होली पर शाहपुर स्थित अपनी बहन के घर गए थे और रात करीब साढ़े नौ बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान कौवाबाग–मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही ब्लैक फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वे उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई.

इसी हादसे में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आकाश पांडेय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी. आकाश होली के दिन दोस्त के घर से खाना खाकर हॉस्टल लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश करीब 15 मीटर दूर जाकर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गए और उनका शव काफी देर तक रेलिंग पर ही लटका रहा.

हादसे के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई. मेडिकल छात्रों और इंटर्न डॉक्टरों ने आकाश पांडेय की याद में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इधर मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर कार (नंबर UP32LR0013) पर ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक करीब 35 चालान दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें कई अभी भी अनपेड हैं. हालांकि ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वाहन पर 27 चालान दर्ज हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतने चालान के बावजूद यह वाहन सड़कों पर बेखौफ कैसे दौड़ रहा था.

इस बीच आरोपी गोल्डी साहनी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह पुलिस कस्टडी में भी दबंग अंदाज में चलता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है. होली के दिन हुआ यह हादसा अब दो परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया है. एक तरफ मेडिकल छात्र अपने साथी को खोने के गम में हैं, तो दूसरी ओर एक परिवार ने अपना कमाऊ सदस्य खो दिया. अब सभी की नजर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले में आरोपी को कब और कितनी सख्त सजा मिलती है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*