कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब टीम इंडिया का मुकाबला 5 मार्च को टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा. यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने पहले भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगा. 1 मार्च को मिली इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर आमिर को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपनी नीच हरकत में कोई बदलाव नहीं किया है. एक बार फिर आमिर ने जहर उगलते हुए टीम इंडिया पर निशाना साधा है.
आमिर ने पाकिस्तान में एक टीवी शो पर बात करते हुए स्वीकार किया कि संजू सैमसन ने अपने जीवन की सबसे श्रेष्ठ पारी खेली है. 65,000 से अधिक दर्शकों के सामने दबाव की स्थिति में सैमसन ने नाबाद 97 रन बनाए. आमिर ने कहा, ”क्रेडिट जहां बनता है, वहां दिया जाना चाहिए. मैंने आईपीएल में उनकी कई पारियां देखी हैं, लेकिन यह पारी – वह भी ‘करो या मरो’ के नॉकआउट मुकाबले में – वाकई खास थी.” संजू की इस पारी ने न केवल भारत को जीत दिलाई, बल्कि टीम के भीतर उनके स्थान को लेकर उठ रहे सवालों को भी शांत कर दिया है.
आमिर ने क्या खामियां बताईं?
सैमसन की तारीफ के बावजूद आमिर का मानना है कि टीम इंडिया का प्रदर्शन उच्च स्तर का नहीं है. उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा, ”अगर मैं विशुद्ध रूप से क्रिकेट के नजरिए से विश्लेषण करूं, तो भारत अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहा है. उनकी फील्डिंग देखिए. उन्होंने तीन से चार कैच छोड़े और मैदान पर काफी गड़बड़ियां कीं.” आमिर ने यह भी तर्क दिया कि जसप्रीत बुमराह को छोड़कर भारत का हर दूसरा गेंदबाज रन लुटा रहा है और टीम केवल एक गेंदबाज की ताकत पर खेल रही है.
भावनात्मक दौर से गुजर रही टीम इंडिया
इस टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम एक भावनात्मक दौर से भी गुजर रही है. टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन हो गया है, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट के बीच में घर लौटना पड़ा. हालांकि, रिंकू वेस्टइंडीज के खिलाफ उपलब्ध थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में नहीं शामिल किया गया था.
मैच में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. इसके बाद भारत के लिए संजू सैमसन ने ऐतिहासिक पारी खेली. वह 50 गेंद पर 97 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए. सैमसन का स्ट्राइक रेट 194 का रहा. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला. तिलक वर्मा ने 15 गेंदों पर 27, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 18 और हार्दिक पांड्या ने 14 गेंद पर 17 रन बनाए. ईशान किशन 6 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हो गए. शिवम दुबे 4 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत ने 19.2 ओवरों में 5 विकेट पर 199 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
Bureau Report
Leave a Reply