मिडिल ईस्ट टेंशन का असर अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है. ईरान-अमेरिका जंग के बीच दुनियाभर के शेयर बाजार लुढ़क रहे हैं. भारतीय शेयर बाजार में सबसे बड़ी गिरावट देखी जा रही है. सोमवार, 9 मार्च को सेंसेक्स भयंकर क्रैश हो गया. सेंसेक्स में 2500 अंकों की बड़ी गिरावट आई और बाजार खुलने के साथ ही 76,509.07 अंक पर पहुंच गया. निफ्टी में भी करीब 700 अंक की गिरावट है. जंग की आग में शेयर बाजार जहां झुलस रहा है तो वहीं तेल की कीमतों में उबाल जारी है. इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार जा चुकी है. तेल और शेयर बाजार में इस जंग की वजह से जहां तबाही मच रही है तो वहीं सोना अलग ही रंग दिखा रहा है. युद्ध के बीच सेफ हैवन गोल्ड की कीमतों में भारी गिरावट निवेशकों को हैरान कर रही है.
सोना-चांदी दोनों हो रहे हैं सस्ते
आमतौर पर यही देखा जाता है, जियोपॉलिटिकल टेंशन, युद्ध के बीच सोने-चांदी की मांग बढ़ती है. निवेशकों के बीच सेफ हैवन गोल्ड की डिमांड बढ़ने से कीमतों में भारी तेजी आती है, लेकिन ईरान-अमेरिका के बीच जंग के बीच सोना अलग ही रंग दिखा रहा है. सोने-चांदी की कीमत में लगातार गिरावट जारी है. मिडिल ईस्ट जंग के बावजूद कॉमेक्स पर सोना 1.3 फीसदी गिर गया तो चांदी में 4 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है.
कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी
जंग के बीच जहां चीजें महंगी हो जाती हैं, उसके विपरीत 9 मार्च को वैश्विक और घरेलू बाजार में सोना और चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई. COMEX पर सोना 1.3 फीसदी फिसलकर 5090 डॉलर प्रति औंस और चांदी 82.82 डॉलर प्रति औंस पर है. MCX पर सोना 0.79% गिरकर 1,60,350 रुपये/10 ग्राम पर आ गया तो चांदी 1.19% फिसलकर 2,65,100 रुपये/ किलो पर आ गई. घरेलू बाजार की बात करें तो बीते एक हफ्ते में सोने की कीमत में 5 हजार से अधिक की गिरावट आ चुकी है. 24 कैरेट वाला सोना 5060 रुपये सस्ता हो चुका है तो 22 कैरेट वाले सोने की कीमत में 4650 रुपये से अधिक की गिरावट आ चुकी है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी रेट लिस्ट देखें तो 24 कैरेट वाला सोना आज गिरकर 1,58,750 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट वाला सोना 1,45,420 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट वाला सोना 1,19,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है.
जंग के बाद कितना सस्ता हुआ सोना, कितने गिरे चांदी के दाम ?
28 फरवरी के बाद से सोने-चांदी दोनों के दाम लगातार गिर रहे हैं. 27 फरवरी को एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 282,644 रुपये प्रति किलो थी, जो अब गिरकर 2,65,100 रुपये पर पहुंच चुकी है. चांदी अपने ऑल टाइम हाई 4.20 लाख रुपये से करीब 1.51 लाख कम है. वहीं सोना ऑल टाइम हाई से करीब 32,000 रुपये सस्ता हो चुका है.
सोने-चांदी पर जंग बेअसर क्यों ?
1. युद्ध के बावजूद सोने-चांदी की कीमत में जारी गिरावट की सबसे बड़ी वजह मुनाफावसूली है. हाल के महीनों में सोने की तेज रैली के बाद अब निवेशक प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं, जिसकी वजह से रेट्स गिरते जा रहे हैं. सोने से पैसा निकालकर लोग शेयर बाजार में हुए नुकसान की भरपाई कर रहे हैं.
2. ईरान जंग की वजह से कच्चे तेल की कीमत ऑल टाइम हाई पर है. तेल की बढ़ती कीमत महंगाई बढ़ा रही है. बढ़ती महंगाई की वजह से केंद्रीय बैंक ब्याज दरें कम करने की बढ़ा सकते हैं. ऊंची ब्याज दर से सोने पर दबाव पड़ता है, जिसकी वजह से कीमत गिर रही है.
3. अमेरिकी डॉलर की मजबूती सोने में गिरावट की बड़ी वजह है. मजबूत डॉलर की वजह से निवेशक सोने से पैसा निकलकर अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में लगा रहे हैं. मजबूत डॉलर से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा हो जाता है. मांग कम होने से सोने की कीमत गिरने लगती है.
4. इस तरह से रिपोर्ट आ रही है कि लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए केंद्रीय बैंक सोना बेच रहे हैं. ऐसे में कीमती धातुओं में निवेशकों का भरोसा कम हुआ है. निवेशक ‘इंतजार करो और देखो’ की पॉलिसी अपना रहे हैं. जानकार मानते हैं कि अभी कीमत में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा.
Bureau Report
Leave a Reply