टी20 विश्व कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर है. मेजबान भारत खिताब जीतने के सिर्फ 2 कदम दूर है. अगर सूर्या ब्रिगेड ने 5 मार्च यानी आज होने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा दिया तो उसे फाइनल का टिकट मिल जाएगा. उधर साउथ अफ्रीका को मात देकर न्यूजीलैंड फाइनल में एंट्री कर चुकी है. 8 मार्च को खिताबी जंग होनी है. टीम इंडिया तभी इस जंग का टिकट हासिल कर सकती है जब उसके 5 शेर सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर कहर बनकर टूटेंगे. ये वही 5 योद्धा हैं, जो मुंबई के वानखेड़े की पिच को अच्छे से जानते हैं. इस मैदान पर काफी मैच खेल चुके हैं और इस एडिशन में जबरदस्त फॉर्म में भी चल रहे हैं. अगर मेन इन ब्लू के ये 5 शेर आज दहाड़ गए तो चौके-छक्कों की बारिश होना तय है.
इंग्लैंड की टीम हैरी ब्रूक की कप्तानी में सेमीफाइनल खेलने उतरेगी. अगर उसे फाइनल में जाना है तो भारत के इन 5 शेरों से पार पाना होगा, जो आसान नहीं होने वाला है. क्योंकि इनमें 3 तूफानी बैटर हैं, जबकि 2 खिलाड़ी गेंद से मैच पलटने की क्षमता रखते हैं.
टीम इंडिया के ये धुरंधर उन्हीं फिन एलन जैसा धमाका करने को तैयार हैं, जिन्होंने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 बॉल पर शतक ठोक टीम को 9 विकेट से जीत दिलाई. उनकी तूफानी पारी में 10 चौके और 8 छक्के थे, जिसके दम पर कीवी टीम ने 170 रनों का टारगेट सिर्फ 12.1 ओवर में चेज कर लिया.
इंग्लैंड के खिलाफ तबाही मचाएंगे भारत के ये 5 धुरंधर
1. अभिषेक शर्मा
इस मैदान पर कुल 2 मैच खेले हैं. एक में खाता नहीं खुला था, जबकि दूसरे में शतक मारा था. ये शतक इंग्लैंड के खिलाफ ही आया था. उन्होंने 135 रनों की उम्दा पारी खेली थी, जिसमें 13 छक्के और 7 चौके शामिल थे. ये पारी 245.45 के स्ट्राइक रेट से आई थी. एक बार फिर अभिषेक कुछ इसी तरह का धमाका करना चाहेंगे. ओवरऑल टी20 में वो यहां 9 मैच खेलकर कुल 205 रन बना चुके हैं.
2. सूर्यकुमार यादव
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार इस मैदान पर रोहित शर्मा (2669) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं. वो यहां अब तक कुल 58 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 2 शतक और 15 फिफ्टी के दम पर 1890 रन बनाए हैं. टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने यहां कुल 3 मैच खेलकर 93 रन बनाए हैं. इस एडिशन में 231 रन बनाने वाले सूर्या से टीम को सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में कप्तानी पारी की उम्मीद होगी.
3. ईशान किशन
बाएं हाथ का ये तूफानी ओपनर इस मैदान पर खेले गए 38 मैचों में 895 रन बना चुका है. आईपीएल में वो मुंबई के लिए कई सीजन यहां खेले और वानखेड़े की पिच को अच्छे से जानते हैं. भारत के लिए किशन ने यहां 2 मैच खेलकर 57 रन बनाए हैं. टी20 विश्व कप में किशन 7 मैच खेलकर 32.00 की औसत और 185.12 के स्ट्राइक रेट से 224 रन बना चुके हैं. सेमीफाइनल में वो तेजी से रन बनाना चाहेंगे.
4. हार्दिक पांड्या
हार्दिक इस मैदान पर सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं. उन्होंने 63 मैच खेलकर 1121 रन बनाए हैं. भारत के लिए उन्होंने यहां कुल 5 मैच खेले और 47 रन किए हैं. इस मैदान को पांड्या बखूबी जानते हैं. आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए कई मैच जिता चुके हैं.
5. जसप्रीत बुमराह
इस मैदान पर जसप्रीत बुमराह ने टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 1 ही विकेट मिला था. बुमराह का ये घरेलू मैदान है, क्योंकि वो आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए पिछले एक दशक से खेल रहे हैं. इस एडिशन में बुमराह 6 मैच खेलकर 9 विकेट ले चुके हैं. उन्हें बड़े मैचों का खिलाड़ी माना जाता है, इसलिए बुमराह सेमीफाइनल में तबाही मचा सकते हैं.
Bureau Report
Leave a Reply