आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे में हलचल मची हुई है. ऑक्शन की मेज पर 64.30 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट लेकर उतरी KKR ने कैमरन ग्रीन और मथीशा पथिराना जैसे सितारों को जोड़कर अपनी टीम को अभेद्य बनाने की कोशिश की थी. लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले किस्मत ने ऐसी पलटी मारी है कि यह सबसे मजबूत दिखने वाली टीम अब ‘कागजी शेर’ नर आने लगी है. आखिर क्यों 64 करोड़ खर्च करने के बाद भी KKR मुश्किल में है? आइए इसके पीछे की बड़ी वजह जानते हैं.
हर्षित राणा IPL 2026 से बाहर
कोलकाता नाइट राइडर्स को सबसे बड़ा झटका हर्षित राणा के रूप में लगा है, जो चोटिल होने की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. पिछले 2 सालों से हर्षित टीम के अहम गेंदबाज रहे हैं. पावरप्ले के अलावा डेथ ओवरों में भी युवा गेंदबाज का रिकॉर्ड अच्छा रहा था, लेकिन अब उनके बाहर होने से टीम बुरी तरह फंस गई है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अभ्यास मैच के दौरान हर्षित के घुटने में गंभीर चोट लगी थी। फरवरी 2026 में उनकी सर्जरी हुई, जिसके कारण वह पूरे आईपीएल सीजन से बाहर हो गए हैं. हर्षित न केवल विकेट चटकाने में माहिर थे, बल्कि उनकी मौजूदगी से टीम को एक एक्स्ट्रा विदेशी खिलाड़ी खिलाने की छूट मिलती थी. उनके जाने से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह अनुभवहीन हो गया है.
मुस्तफिजुर रहमान का अचानक एग्जिट
आईपीएल 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में KKR ने 9.20 करोड़ रुपये खर्च कर बांग्लादेश के दिग्गज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदा था. बीसीसीआई (BCCI) के निर्देशों और सुरक्षा कारणों के चलते मुस्तफिजुर को रिलीज करना पड़ा. मुस्तफिजुर की ‘कटर’ और स्लोअर गेंदें ईडन गार्डन्स जैसी पिचों पर कहर ढा सकती थीं. उनकी जगह जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल तो किया गया है, लेकिन क्या वह मुस्तफिजुर जैसा अनुभव और सटीकता ला पाएंगे? यह बड़ा सवाल है.
पथिराना की फिटनेस पर सस्पेंस
KKR ने 18 करोड़ रुपये की भारी बोली लगाकर मथीशा पथिराना को अपना मुख्य विदेशी गेंदबाज बनाया था. लेकिन फिलहाल उनकी फिटनेस टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बनी हुई है. वह भी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हुए थे और अभी पूरी तरह लय में नहीं लौटे हैं. अगर वह शुरुआती मैच नहीं खेलते हैं, तो KKR की गेंदबाजी पूरी तरह बिखर सकती है.
बिगड़ गया टीम का संतुलन
ऑक्शन के बाद KKR की टीम संतुलित लग रही थी, लेकिन इन बदलावों ने कॉम्बिनेशन बिगाड़ दिया है. मुस्तफिजुर और हर्षित दोनों ही डेथ ओवर्स के विशेषज्ञ थे. अब पूरी जिम्मेदारी उमरान मलिक और वैभव अरोड़ा जैसे गेंदबाजों पर है, जो अपनी गति के लिए जाने जाते हैं लेकिन अंतिम ओवरों में महंगे साबित हो सकते हैं. मुस्तफिजुर के जाने से अब कैमरन ग्रीन और सुनील नारायण के साथ कॉम्बिनेशन बनाना चुनौतीपूर्ण हो गया है.
कौन लेगा हर्षित राणा की जगह?
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम मैनेजमेंट अब हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर आकाश मधवाल या चेतन सकारिया जैसे अनकैप्ड भारतीय गेंदबाजों की तलाश में है. ये कहना गलत नहीं होगा कि KKR ने पैसा तो सही खिलाड़ियों पर खर्च किया, लेकिन इंजरी और अचानक हुए बदलावों ने उनके पूरे निवेश को जोखिम में डाल दिया है. अब यह टीम व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा ‘जुगाड़’ और किस्मत पर निर्भर दिख रही है.
Bureau Report
Leave a Reply