Israel: इस्राइली सेना ने गाजा के सबसे बड़े शहर को युद्ध क्षेत्र घोषित किया, मानवीय मदद देने पर भी लगाई रोक

Israel: इस्राइली सेना ने गाजा के सबसे बड़े शहर को युद्ध क्षेत्र घोषित किया, मानवीय मदद देने पर भी लगाई रोक

इस्राइली सेना ने गाजा के सबसे बड़े शहर गाजा सिटी को युद्ध क्षेत्र में बदल दिया है और साथ ही गाजा सिटी में मानवीय मदद के वितरण पर भी रोक लगा दी है। इससे गाजा शहर में रहने वाले हजारों लोगों की परेशानी और बढ़ेगी, जो पहले ही भुखमरी जैसे हालात से जूझ रहे हैं। इस्राइली सेना ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि आज सुबह 10 बजे से गाजा सिटी में सैन्य गतिविधियों पर स्थानीय सामरिक रोक लागू नहीं रहेगी। इस क्षेत्र को खतरनाक युद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है।

क्या गाजा सिटी पर कब्जे की तैयारी कर रहा इस्राइल?
इस्राइली सेना का दावा है कि हाल के हफ्तों में गाजा में मानवीय सहायता के प्रवेश और वितरण को सुगम बनाने के लिए गाजा पट्टी के कुछ हिस्सों में इस तरह की रोक लगाई गई है। इस्राइली सेना आईडीएफ ने कहा कि गाजा शहर को छोड़कर, बाकी पूरे क्षेत्र में स्थानीय सामरिक रोक लागू रहेगी। आईडीएफ ने कहा ‘वे इस्राइली नागरिकों की रक्षा के लिए गाजा में आतंकवादी समूहों के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाएंगे’। माना जा रहा है कि इस्राइली सेना गाजा शहर पर कब्जा करने की तैयारी कर रही है, जहां गाजा की अनुमानित 10 लाख की आबादी में से आधी आबादी शरण लिए हुए है। 

गाजा में भुखमरी की स्थिति, लेकिन इस्राइल ने इनकार किया
एक वैश्विक भूख निगरानीकर्ता ने शुक्रवार को कहा कि गाजा शहर और उसके आसपास के इलाके अब आधिकारिक तौर पर अकाल से जूझ रहे हैं। यह आगे और भी फैल सकता है। एकीकृत खाद्य सुरक्षा चरण वर्गीकरण प्रणाली के अनुसार, 5,14,000 लोग अकाल की चपेट में हैं। सितंबर के अंत तक यह संख्या बढ़कर 6,41,000 लोगों तक पहुंच सकती है।

हालांकि इस्राइल ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया। उसने कहा कि यह निष्कर्ष गलत और पक्षपातपूर्ण हैं। इस्राइल का कहना है कि सर्वेक्षण में सिर्फ अधूरी जानकारी ली गई है, जो ज्यादातर हमास से मिली थी, और इसमें यह नहीं बताया गया है कि हाल ही में गाजा में खाद्यान्न भी पहुंचा है। 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*