एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट बुधवार दोपहर हैदराबाद से उड़कर थाईलैंड के फुकेट शहर में लैंड करने वाली थी. रनवे सामने था. प्लेन लैंड करने लगा तभी उसका नोज गियर टूट गया. पहिया अलग हो गया. स्थिति ऐसी बनी कि रनवे को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा. उस समय प्लेन में 133 यात्री सवार थे.
राहत की बात यह है कि सभी 133 यात्री सही-सलामत बाहर निकल आए. किसी को चोट नहीं आई. बुधवार दोपहर Air India Express का बोइंग 737 MAX 8 फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. यह लैंडिंग इतनी जोरदार थी कि नोज व्हील अलग हो गया और नोज लैंडिंग गियर डैमेज हो गया. फुकेट एयरपोर्ट के अधिकारियों को तुरंत रनवे बंद करना पड़ा जिससे कई फ्लाइट्स प्रभावित हुईं.
सभी यात्रियों को इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत प्लेन से बाहर निकाला गया. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में बताया है कि क्रू ने सभी स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल फॉलो किए और यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया. खबर लिखे जाने तक प्लेन फुकेट एयरपोर्ट पर रनवे पर ही खड़ा था. DGCA इस घटना का संज्ञान ले सकती है क्योंकि यह एक भारतीय एयरलाइंस की फ्लाइट थी. बोइंग 737 MAX 8 पहले से ही दुनियाभर में चर्चा में है. ऐसे में यह घटना जांच के दायरे में आएगी. सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी आई हैं.
एयर इंडिया एक्सप्रेस के बारे में जानिए
– असल में एयर इंडिया एक फुल-सर्विस कैरियर है, जो लंबी दूरी और इंटरनेशनल रूट पर चलती है.
– जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस इसकी लो-कॉस्ट सब्सिडियरी है जो कम से मीडियम दूरी की फ्लाइट्स पर फोकस करती है खासकर पश्चिम एशिया और साउथईस्ट एशिया के लिए.
Bureau Report
Leave a Reply