भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने फाईनैंशियल ईयर 2026-27 के लिए FASTag एनुअल पास की फीस अपडेट की है. 12 मार्च को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्राइवेट गाड़ियों के लिए यह नई कीमतें 1 अप्रैल, 2026 से लागू हो जाएंगी. अगर आप अपनी कार के लिए एनुअल पास लेने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इसके लिए आपको जेब ढीली करनी पड़ेगी.
कितना बढ़ गया है पास का दाम?
प्राइवेट वाहनों के लिए बढ़ोत्तरी मामूली है क्योंकि पहले जिस एनुअल पास के लिए 3,000 रुपये देने पड़ते थे, उसकी कीमत अब बढ़कर 3,075 रुपये हो गई है. बता दें कि इस स्कीम की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को लगातार यात्रा करने वाले लोगों की सुविधा के लिए की गई थी.
क्या हैं फास्टैग एनुअल पास के फायदे?
फास्टैग एनुअल पास एक बार एक्टिवेट होने के बाद, वाहन को नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से 200 बार गुजरने की अनुमति देता है या फिर एक साल के लिए वैलिड रहता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि अलग-अलग टोल प्लाजा पर अलग-अलग रेट होने के बाद भी, पास धारक को बार-बार भुगतान की झंझट से मुक्ति मिल जाती है.
डिजिटल टोल में फास्टैग की बढ़ती पॉपुलैरिटी
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के डेटा के हिसाब से, इस स्कीम को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. मौजूदा समय में देश के अंदर 50 लाख से अधिक यूजर्स इस एनुअल पास का फायदा ले रहे हैं. देश के नेशनल हाईवे पर होने वाले कुल टोल ट्रांजेक्शन में से लगभग 28% हिस्सेदारी अब इसी एनुअल पास की है. साथ ही, देश में जारी हुए कुल 11.86 करोड़ फास्टैग में से 5.9 करोड़ अभी एक्टिव मोड में हैं.
घर बैठे कैसे करें अप्लाई?
नया एनुअल पास लेना या पुराने को रिन्यू करना बेहद आसान है. आपको Rajmarg Yatra ऐप या NHAI और MoRTH की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाना है और यहां से ही आप पास के लिए अप्लाई कर सकते हैं. इसके लिए आपको अपने फास्टैग से जुड़े मोबाइल नंबर और गाड़ी की डिटेल के साथ लॉगिन करना होगा और UPI या नेट बैंकिंग के जरिए पेमेंट करनी होगी. इसके बाद 24 घंटे के अंदर आपका पास एक्टिव हो जाता है.
Bureau Report
Leave a Reply