केरलम में बुधवार को उस वक्त हंगामा होने लगा, जब राज्य के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के घर पर ईडी के अधिकारी छापेमारी करने पहुंचे. बताया जाता है कि बुधवार सुबह कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में केरल में 10 जगहों पर केंद्रीय एजेंसी ने छापेमारी की. जब पूर्व सीएम के आवास से ईडी के अधिकारी बाहर निकल रहे थे, उसी वक्त पिनाराई के समर्थकों ने अधिकारियों पर हमला किया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
दरअसल, तिरुवनंतपुरम में CPI(M) कार्यकर्ताओं ने ED अधिकारियों की गाड़ी पर हमला किया. कार्यकर्ता, कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में केरल में 10 जगहों पर केंद्रीय एजेंसी की तलाशी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं; इन जगहों में पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन का आवास भी शामिल है. बताया जा रहा है कि इस हमले में एक पुलिसकर्मी को चोट लगी है.
स्थिति को नियंत्रित करने में लगी पुलिस
पिनाराई के समर्थकों की भीड़ ने उन ईडी अधिकारियों पर हमला किया, जो पूर्व सीएम पिनाराई के आवास से छापेमारी कर के बाहर निकल रहे थे. इस दौरान पुलिस ने लोगों को काबू में करने की कोशिश की. पूर्व सीएम के समर्थकों ने पुलिस के साथ ईडी अधिकारियों की गाड़ियां तोड़नी शुरू कर दी.
‘राहुल गांधी को बहुत संतुष्टि मिलेगी’
अपने आवासों पर ED की तलाशी के मामले को लेकर केरलम के पूर्व सीएम और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन ने कहा कि काफी समय से ED मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी. मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को, खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को, बहुत संतुष्टि मिलेगी. राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था कि पिनाराई विजयन के घर पर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है और पिनाराई विजयन को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है.
बीजेपी पर भी बरसे पिनाराई
पिनाराई ने बीजेपी पर भी निशाना साधा और कहा कि BJP सरकार देश में विपक्षी नेताओं पर हमेशा से जान-बूझकर हमले करती रही है. इसके खिलाफ पूरे देश में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन हुए हैं. कांग्रेस का रुख यह है कि उनके अपने दल के अलावा अन्य दलों के खिलाफ ED की दखलंदाजी जारी रहनी चाहिए.
पार्टी के लोगों का समर्थन मिला:पिनाराई
पिनाराई ने कहा कि किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि ऐसे कदमों से हमारा सफाया किया जा सकता है. यहां स्थानीय लोगों और पार्टी के साथियों की भावनाएं व्यक्त हुईं. जब भी दुश्मनों ने मुझ पर हमला करने की तैयारी की, तो मुझे पार्टी का मजबूत समर्थन मिला. आज साथियों ने यह साबित कर दिया है कि उस समर्थन में कोई कमी नहीं आई है. यही हमारी ताकत है. आइए, हम सब मिलकर किसी भी चुनौती का सामना करें.
Bureau Report
Leave a Reply