भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए जंग, गोविंदपुरी के फ्लैटों में 10 दिन परेशान लोग

भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए जंग, गोविंदपुरी के फ्लैटों में 10 दिन परेशान लोग

राजधानी दिल्ली में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आम लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. एक तरफ जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू के थपेड़े लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पानी की किल्लत ने हालात और भी गंभीर बना दिए हैं. खासकर दक्षिण दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में रहने वाले लोग पिछले कई दिनों से पानी की भारी कमी से जूझ रहे हैं.

काफी दिनो से इलाके में पानी की किल्लत
कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में ‘जहां झुग्गी वहीं मकान’ योजना के तहत बनाए गए बहुमंजिला फ्लैटों में करीब 3000 से अधिक लोग रह रहे हैं. इन फ्लैटों को देते समय सभी बुनियादी सुविधाओं का दावा किया गया था, लेकिन मौजूदा हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं. बीते 10 दिनों से पानी की सप्लाई बाधित होने के कारण लोग बेहद परेशान हैं. स्थिति यह है कि लोगों को रात के 3 बजे उठकर पानी भरने के लिए नीचे आना पड़ रहा है. कई बार पानी कुछ ही देर के लिए आता है, जिसके चलते लंबी कतारें लग जाती हैं और सभी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. तपती दोपहर में भी लोग छोटे-छोटे डिब्बों और कंटेनरों के साथ लाइन में खड़े नजर आते हैं.

घर में कई दिनों से नहीं पीने का पानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि फ्लैट मिलने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. कुछ लोगों ने बताया कि उनके घरों में कई दिनों से पीने तक का पानी नहीं है और उन्हें जल बोर्ड या अन्य स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. महिलाओं ने बताया कि कभी-कभी घंटों लाइन में लगने के बाद भी बहुत कम पानी मिलता है, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है. लोगों का यह भी कहना है कि पहले झुग्गियों में रहते हुए टैंकर के जरिए पानी मिल जाता था, लेकिन अब फ्लैट में आने के बाद स्थिति और खराब हो गई है. इस भीषण गर्मी में पानी की कमी ने जीवन को बेहद कठिन बना दिया है.

दिल्ली के अन्य इलाकों जैसे दक्षिणपुरी, तिगड़ी, संगम विहार, हरकेश नगर और लाल कुआं में भी इसी तरह की समस्या सामने आ रही है. लगातार बढ़ती गर्मी और घटती जल आपूर्ति के कारण लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. अब जरूरत है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*