प्यार, धोखा और फिर मर्डर. पुणे के 25 साल के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की कहानी में ये सब कुछ है. जिस मंगेतर सिया गोयल के 20वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए केतन ने एक महीने पहले से प्लानिंग की थी, महाबलेश्वर में 40 कमरे बुक किए थे, उसी मंगेतर ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को मौत के घाट उतार दिया. पहले इसे एक एक्सीडेंट माना जा रहा था, लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया.
केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल से बहुत प्यार करता था. 19 जून को सिया का 20वां जन्मदिन था. सिया चाहती थी कि उसका बर्थडे पूरे एक महीने तक मनाया जाए. केतन ने इसके लिए मई महीने से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं. उसने सिया के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में करीब 40 कमरे बुक किए थे. सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें केतन एक फूलों से सजी कन्वर्टिबल कार में सिया को बुके दे रहा है. एक और वीडियो में केतन रेस्टोरेंट में घुटनों के बल बैठकर सिया को प्रपोज करता दिख रहा है.
नवंबर में होनी थी शाही शादी
केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी. दोनों के परिवार इस रिश्ते से बहुत खुश थे. नवंबर में दोनों की शादी होने वाली थी. इसके लिए राजस्थान के उदयपुर में एक आलीशान महल भी बुक कर लिया गया था. प्री-वेडिंग इवेंट्स की तैयारियां जोरों पर थीं. लेकिन केतन को नहीं पता था कि जिस लड़की के साथ वो जिंदगी बिताने के सपने देख रहा है, वही उसकी मौत की स्क्रिप्ट लिख रही है.
लोनावला के लोहगढ़ किले में मर्डर
18 जून को केतन अग्रवाल की लोनावला के पास लोहगढ़ किले में 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई. शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया कि केतन किले के किनारे पर फोटो खींच रहा था और अचानक उसका पैर फिसल गया. पुलिस ने पहले इसे एक हादसा माना और एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया.
इंस्टाग्राम पर रोने का नाटक
केतन की मौत के ठीक अगले दिन यानी 19 जून को सिया का जन्मदिन था. सिया ने अपने इंस्टाग्राम पर केतन के लिए एक बहुत ही भावुक पोस्ट लिखी. उसने लिखा, “तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़ दिया. हम शादी के इतने करीब थे. तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया? मेरे पास कई सवाल हैं जिनके जवाब कभी नहीं मिलेंगे. जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो मुझे छोड़कर क्यों चले गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे.” उसने हिंदी में लिखा कि मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है, वापस आजा.
पुलिस जांच में खुला राज
जब पुलिस ने केतन के कॉल रिकॉर्ड्स, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों को खंगाला, तो कहानी पूरी तरह बदल गई. पुलिस को पता चला कि सिया का चेतन चौधरी नाम के लड़के के साथ पिछले एक साल से अफेयर चल रहा था. सिया और चेतन एक साथ रहना चाहते थे और उनके रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा केतन था. इसलिए दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
पहली कोशिश रही थी फेल
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. जांच में सामने आया कि उन्होंने केतन को मारने की पहली कोशिश 14 जून को इसी किले पर की थी, लेकिन तब वो नाकाम रहे थे. इसके बाद उन्होंने 18 जून को दोबारा प्लान बनाया और केतन को खाई में धक्का दे दिया. फिलहाल दोनों पुलिस कस्टडी में हैं और मामले की आगे की जांच चल रही है.
Bureau Report
Leave a Reply