नीट यूजी 2026 री-एग्जाम में पंजाब के लुधियाना निवासी आर्यन गुप्ता ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है. आर्यन ने 2019 से नीट की गंभीर तैयारी शुरू की थी, जबकि इसकी योजना छठी कक्षा से ही बना ली थी. मीडिया से बातचीत में आर्यन ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे सिर्फ मेहनत ही नहीं, बल्कि एक गहरा निजी दर्द भी उनके लिए प्रेरणा बना, जिसने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने का हौसला दिया. आर्यन ने अपनी सफलता की प्रेरणा जिस बात से ली है उस गहरे दर्द के बारे में आर्यन ने मीडिया से बातचीत करते हुए दुनिया के सामने रखा.
आर्यन ने बताया, ‘जब मैं तीसरी क्लास में पढ़ता था, तब मैंने अपनी दादी को कैंसर के कारण दम तोड़ते देखा था. हमारे दादा के और नाना के परिवार में लगभग सभी डॉक्टर्स हैं, माता-पिता भी डॉक्टर हैं, लेकिन फिर भी हम मिलकर भी अपनी दादी को नहीं बचा पाए. अपनी दादी से मुझे बेहद लगाव था और उनकी मौत ने मुझे अंदर से झकझोर कर रख दिया था. तभी मैंने मन में ठान लिया था कि बड़ा होकर कैंसर का डॉक्टर (ऑन्कोलॉजिस्ट) बनूंगा. आज NEET-UG (री-नीट 2026) का रिजल्ट आने के बाद मेरा वह सपना पूरा होने जा रहा है.’
AIIMS में एडमिशन लेकर ऑन्कोलॉजिस्ट बनूंगा
आर्यन की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनका परिवार और टीचर्स बेहद खुश हैं. आर्यन के पिता डॉ. सचिन गुप्ता एक एनेस्थीसियोलॉजिस्ट (एनेस्थिसिया के डॉक्टर) हैं और माता डॉ. रीनू गुप्ता एक गायनेकोलॉजिस्ट हैं. आर्यन ने अपनी इस सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपनी स्वर्गवासी दादी की प्रेरणा और अपने बड़े भाई के बेहतरीन मार्गदर्शन को दिया है. उन्होंने कहा, ‘मैंने 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं. मैंने बहुत पढ़ाई की. अपनी कड़ी मेहनत का फल पाकर मैं खुश हूँ. मेरे माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं और मेरे बड़े भाई ने AIR 54 हासिल करने के बाद MBBS की पढ़ाई शुरू की है. मैं हमेशा अपने शिक्षकों की बातों का पालन करता था. मैं AIIMS दिल्ली में दाखिला लूँगा और उम्मीद है कि मैं ऑन्कोलॉजिस्ट बनूंगा.’
बेटे की ऐतिहासिक सफलता पर क्या बोले पिता?
NEET में पहली रैंक पाकर ऐतिहासिक सफलता के झंडे गाड़ने वाले आर्यन गुप्ता के पिता, डॉ. सचिन गुप्ता कहते हैं, ‘इस साल मेरे छोटे बेटे ने पहली रैंक हासिल की है और पिछले साल मेरे बड़े बेटे को 54वीं रैंक मिली थी. आर्यन AIIMS, दिल्ली में एडमिशन लेगा. काबिल बच्चे होने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता. हमारा परिवार डॉक्टरों का है और ज़ाहिर है कि मेरे दोनों बच्चों ने भी हमारे ही फील्ड को चुना.’
कितने उम्मीदवारों ने 720 में से 700 से अधिक अंक हासिल किए?
NEET UG 2026 के संशोधित नतीजों में 19 उम्मीदवारों ने 720 में से 700 से अधिक अंक हासिल किए हैं. इनमें 705 से ज्यादा अंक पाने वाले शीर्ष 17 अभ्यर्थी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित आठ राज्यों से हैं. उल्लेखनीय है कि 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी. इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया.
किस कैटेगरी के कितने उम्मीदवारों को मिली सफलता?
ओबीसी NCL- 5.12 लाख
जनरल – 2.91 लाख
एससी – 1.59 लाख
जनरल EWS- 95,026
एसटी – 63,716
PwBD: 3,666
PwD: 303
Bureau Report
Leave a Reply