प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब और हरियाणा के दौरे पर हैं. पीएम मोदी ने आज हरियाणा के जिंद में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. इसके बाद पीएम मोदी पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ पहुंचे हैं जहां पर उन्होंने लोगों को कई परियोजनाओं की सौगात दी.
चंडीगढ़ में पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने हेल्थकेयर, शिक्षा और सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े 4,700 करोड़ रुपये से ज्यादा के कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके बाद यहां पर पीएम मोदी ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया.
पीएम मोदी ने लोगों को किया संबोधित
चंडीगढ़ में सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ सिर्फ़ एक शहर नहीं है, यह भारत के लिए विकास का एक मॉडल रहा है. पीएम ने कहा कि चंडीगढ़ का विकास NDA सरकार की हमेशा से प्राथमिकता रही है. हमने पीनल कोड की जगह भारतीय न्याय संहिता लागू की.
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में चंडीगढ़ को हाई-टेक शहर बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया गया है. इस मिशन पर 2,500 करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च किए गए हैं.
लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज: PM
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज PGIMER चंडीगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक जैसे प्रोजेक्ट्स लाखों लोगों को इलाज की बहुत बेहतर सुविधाएं देंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हरियाणा में जींद-सोनीपत रूट पर भारत की पहली हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन का उद्घाटन किया गया है. यह देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह साफ-सुथरे ईंधन से चलेगी. विकसित भारत की ओर बढ़ते हुए हमें भविष्य की टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और हेल्थकेयर पर निर्भर रहना होगा. हमें ऐसे फैसले लेने होंगे जिनसे मौजूदा और आने वाली, दोनों पीढ़ियों को फायदा हो. BJP-NDA सरकार इसी दिशा में काम कर रही है.
इस रिटायर्ड अधिकारी की पीएम मोदी ने की तारीफ
पीएम मोदी ने इस दौरान रिटायर्ड IPS अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की जमकर सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज चंडीगढ़ के रिटायर्ड IPS अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू जी की भी सराहना करना चाहूंगा. उनकी पहचान Broom Warrior की बनी हुई है. उन्होंने चंडीगढ़ में स्वच्छता को लेकर एक नई अलख जगाई है, लोगों को प्रेरित किया है. इसके लिए हमारी सरकार ने उन्हें इस साल पद्म सम्मान से भी सम्मानित किया है. स्वच्छता, कोई एक दिन का काम नहीं है, स्वच्छता तो जीवन जीने का तरीका है.
Bureau Report
Leave a Reply