‘कोई मुझे न बताए कि क्या करना है…’, संजू सैमसन ने अचानक दिया विस्फोटक बयान, किसकी तरफ था इशारा?

'कोई मुझे न बताए कि क्या करना है...', संजू सैमसन ने अचानक दिया विस्फोटक बयान, किसकी तरफ था इशारा?

संजू सैमसन भारत के विस्फोटक बल्लेबाज होने के अलावा बेहतरीन विकेटकीपर भी हैं. संजू सैमसन को अक्सर इंटरनेशनल क्रिकेट में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिलता है. संजू सैमसन ने भारत के लिए साल 2015 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत 20 साल की उम्र में की थी. हालांकि इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पिछले 11 साल से भारत के लिए अभी तक सिर्फ 82 इंटरनेशनल मैच ही खेले हैं. संजू सैमसन कभी भी पक्के तौर पर पिछले 11 साल से टीम इंडिया में सेट नहीं हो पाए हैं. भारत में टैलेंट की भरमार होने के कारण उन्हें मौकों के लिए लंबे समय तक इंतज़ार करना पड़ा.

बता दें कि संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के पांच मैचों में 321 रन बनाए थे. संजू सैमसन के इस शानदार प्रदर्शन में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीन मैचों में लगातार तीन अर्धशतक शामिल थे. वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल-क्वार्टरफाइनल में नाबाद 97 रन, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89 रन. जब ऐसा लगा कि संजू सैमसन ने टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है, तो अपने खराब फॉर्म की वजह से उन्होंने अपनी जगह गंवा दी. फिर उन्होंने वापसी के लिए संघर्ष किया.

संजू सैमसन ने अचानक दिया विस्फोटक बयान

इन मुश्किलों ने संजू सैमसन के इरादों को और मजबूत किया है और उन्हें अपनी काबिलियत पर पूरा भरोसा रखने वाला एक बेहद कॉन्फिडेंट बल्लेबाज बना दिया है. अब उन्होंने तय किया है कि वे पूरी तरह से अपनी शर्तों पर खेलेंगे. संजू सैमसन ने JioHotstar के साथ खुलकर बातचीत की है. विकेटकीपर बल्लेबाज ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले उन्होंने सोच-समझकर यह फैसला किया कि वे इस ‘अंधी दौड़’ का हिस्सा नहीं बनेंगे और सिर्फ अपने खेल का मजा लेने पर ध्यान देंगे.

सैमसन ने कहा, ‘मुझे एहसास हुआ कि हमारे देश में हमेशा एक अंधी दौड़ चलती रहती है, और मैंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले तय किया कि मैं इसका हिस्सा नहीं बनूंगा. मैं बस खेल का मजा लेना चाहता हूं.’ टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले सैमसन ने T20I में भारत के पहली पसंद के ओपनर के तौर पर खुद को साबित करने के लिए काफी कुछ किया था. हालांकि, हालात ऐसे बदले कि उन्हें बैटिंग ऑर्डर में नीचे धकेल दिया गया. पहले शुभमन गिल की वापसी के कारण और बाद में ईशान किशन के कारण, जब उनकी अपनी फॉर्म खराब हो गई.

‘कोई मुझे न बताए कि क्या करना है…’

इन बदलावों का सैमसन के प्रदर्शन पर असर पड़ा और टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की आखिरी T20I सीरीज में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बाद, टीम मैनेजमेंट ने बड़े टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन से ओपनिंग कराने का फैसला किया था. सैमसन ने कहा, ‘भगवान की कृपा से, मैंने बहुत कुछ हासिल किया है. मैं अब 31 साल का हूं, और मेरे पास कुछ ही साल बचे हैं. इसलिए, मैंने अपनी शर्तों पर खेलने का फैसला किया है. कोई मुझे यह नहीं बताएगा कि कैसे बैटिंग करनी है या क्या करना है. संजू अपने लिए फैसला खुद करेगा. पूरी इज्जत के साथ, मैं खेलूंगा, खेल का मजा लूंगा, एक अच्छा टीममेट बनूंगा और टीम को सपोर्ट करूंगा, लेकिन मैं यह सब अपने तरीके से करूंगा.’

भारत को रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताया

जब भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की कगार पर था, तो टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में वापस बुलाया और उन्हें ओपनिंग की जिम्मेदारी दी. 31 साल के सैमसन ने लगातार तीन जबरदस्त पारियां खेलकर भारत को रिकॉर्ड तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप जिताया और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. इन अनुभवों ने सैमसन को सिखाया है कि भविष्य की चिंता करने के बजाय वर्तमान में जिया जाए.

संजू सैमसन ने कहा, ‘2024 वर्ल्ड कप के बाद, मुझे उम्मीद भी नहीं थी कि मैं 2026 वर्ल्ड कप खेलूंगा. एक समय तो मैं 14 या 15 खिलाड़ियों वाली टीम में भी नहीं था. तो मैं 2028 के लिए कैसे प्लान बना सकता हूं? अगर मैं टीम में रहा, टीम को मेरी जरूरत हुई और मैं अच्छा खेल रहा हूं, तो सब कुछ अपने आप ठीक हो जाएगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो भी मैं बहुत शुक्रगुजार रहूंगा. कोई भी मुझसे यह उपलब्धि नहीं छीन सकता.’

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*