जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को बड़ा इनाम मिला है. बुधवार को आईसीसी ने जो ताजा रैंकिंग जारी की है, उसमें वैभव ने 230 स्थानों की ऐतिहासिक छलांग लगाई है. वहीं, टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ODI के बादशाह बन गए हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरेल मिचेल से नंबर-1 की कुर्सी छीन ली है. 801 पॉइंट के साथ शुभमन गिल ODI के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं. मिचेल को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वो 794 पॉइंट्स के साथ नंबर-2 पर खिसक गए हैं. विराट कोहली नंबर-3 और रोहित शर्मा नंबर-4 पर बने हुए हैं.
जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए सीरीज में 15 साल के युवा धुरंधर वैभव सूर्यवंशी ने तीन मैचों में 196.10 स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए और सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. इस दौरे पर उन्होंने दो अर्धशतक ठोके. इस प्रदर्शन का अब उन्हें इनाम मिला है और T20I रैंकिंग में उन्होंने 230 स्थानों की छलांग लगाई है.
T20I रैंकिंग में किस नंबर पर वैभव सूर्यवंशी?
आईसीसी की ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में वैभव सूर्यवंशी 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं. आप कहेंगे कि वो तो लिस्ट में बहुत पीछे हैं, लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज से पहले वो 278वें पोजिशन पर थे. इस लिहाज से देखें तो वैभव सूर्यवंशी के लिए ये बड़ी उपलब्धि है.
ODI के बादशाह बने शुभमन गिल
पिछले कुछ महीनों से शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल अब ODI बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. भारतीय कप्तान ने न्यूजीलैंड के स्टार बैटर डेरेल मिचेल से ताज छीन लिया है. वहीं, टेस्ट रैंकिंग में भी शुभमन नंबर-7 पर हैं. भारत के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन टी20 रैंकिंग में शिखर पर बने हुए हैं.
तीनों फॉर्मेट में कौन नंबर-1?
ODI- शुभमन गिल (801 पॉइंट्स)
टेस्ट- ट्रेविस हेड (853 पॉइंट्स)
T20I- ईशान किशन (910 पॉइंट्स)
ODI रैंकिंग में कोहली-रोहित कहां?
टीम इंडिया के दो बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं. हाल ही में दोनों इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में नजर आए थे. रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शतक जड़ा था, जबकि विराट कोहली ने 3 मैचों में 144 रन बनाए थे. आईसीसी की ODI रैंकिंग में कोहली 767 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं और रोहित शर्मा 758 अंक के साथ चौथे नंबर पर हैं.
Bureau Report
Leave a Reply