बिहार की बांकीपुर,मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग जारी है. मौजूदा रुझानों के मुताबिक बांकीपुर में बड़ा उलटफेर हो सकता है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं. यदि वह इस सीट को जीत जाते हैं तो बांकीपुर में पिछले 31 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा. बीजेपी इस सीट से 1995 के बाद से आज तक कोई चुनाव नहीं हारी है. बांकीपुर में वोटों की गिनती के 14 राउंड के बाद प्रशांत किशोर ने BJP के नीरज कुमार के मुकाबले अपनी बढ़त बढ़ाकर 7,781 कर ली है. किशोर को 28,201 वोट मिले हैं, जबकि BJP उम्मीदवार को 20,420 वोट मिले हैं. PK की जन सुराज ने नवंबर 2025 में बिहार की 243 सीटों में से 238 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए थे लेकिन उनमें से एक भी सीट नहीं जीत सकी. उस चुनाव में प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में नहीं उतरे थे.
दतिया में रुझानों को देखकर लग रहा है कि कांग्रेस अपनी सीट बचा ले जाएगी. कांग्रेस के घनश्याम सिंह यहां बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी पर बढ़त बनाए हुए हैं. अब तक सात राउंड की वोटों की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की बढ़त बढ़ गई है. कांग्रेस उम्मीदवार को 31,436 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 28,141 वोट मिले हैं. इस तरह वे 3,295 वोटों से आगे चल रहे हैं.
गुजरात के मांजलपुर में बीजेपी उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार के मुकाबले बड़ी बढ़त बना ली है. बीजेपी नेता पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस के भीखाभाई रबारी से 21,502 वोटों से आगे चल रहे हैं. बीजेपी नेता को 37,542 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 16,040 वोट मिले हैं.
Bureau Report
Leave a Reply