अनूपपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. चचाई थाना क्षेत्र के अमलाई शनिचरी बाजार में 12 वर्षीय एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले बच्चे के मोबाइल में फांसी से जुड़े वीडियो सर्च किए गए थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब परिजनों ने बच्चे के कमरे का दरवाजा बंद पाया तो खिड़की के रास्ते अंदर पहुंचे. वहां छात्र फंदे से लटका मिला. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र ने अपने दादा का मोबाइल लिया था. परिजनों का कहना है कि मोबाइल में फांसी से जुड़े वीडियो सर्च किए गए थे. हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मोबाइल की भी जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे.
सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
परिजनों के अनुसार, छात्र पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहता था.पुलिस परिवार में चल रहे घरेलू विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मर्ग कायम कर जांच जारी है. मिली जानकारी के मुताबिक बहन के जन्मदिन पर बच्चे ने आत्महत्या कर ली. मौके पर मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे कोकि दीदी, पापा आई लव यू.’ वहीं सुसाइड नोट में यह भी बताया है कि स्कूल में शिक्षक और सहपाठी उसे ‘काला कौआ’ कहकर बुलाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था.
जांच में जुटी पुलिस
चचाई थाना प्रभारी फूलमती अहिरवार ने बताया कि सूचना मिली थी, की 12 वर्षीय एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. मौके पर पहुंचकर जांच करने शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है. जिसके आधार पर जांच की जा रही है.
Bureau Report
Leave a Reply