अमेरिका में महंगाई दर के आंकड़े अनुमान के मुताबिक रहने और ब्याज दर के पुराने लेवल पर बने रहने की उम्मीद के बाद सोने में जबरदस्त तेजी देखी गई थी. बाजार में तेजी का आलम यह रहा कि सोना चढ़कर दो महीने के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. लेकिन मुनाफावसूली के कारण अब इसमें बड़ी गिरावट देखी जा रही है. इंटरनेशनल मार्केट में 4400 डॉलर प्रति औंस के पार जाने वाले सोने में हफ्ते के आखिरी दिन बड़ी गिरावट देखी गई और यह कॉमेक्स पर करीब 40 डॉलर टूट गया. हालिया गिरावट के बाद शुक्रवार सुबह सोने को 4,382 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड करते देखा गया. इसके अलावा चांदी के दाम में भी गिरावट देखी जा रही है.
सोने की कीमत में यह गिरावट मुनाफावसूली के कारण देखी जा रही है. एक दिन पहले गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान दो महीने के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने वाला सोना अचानक बिकवाली से घरेलू बाजार में भी गिरावट देखी जा रही है. अमेरिका में महंगाई दर के आंकड़े आने से पहले सोने के दाम को लेकर जो अनिश्चितता चल रही थी, वो महंगाई से जुडे आंकडे आने के बाद खत्म हो गई और सोना ऊपर चढने लगा. महंगाई में नरमी के बाद इसके बाद अब फेड की तरफ से ब्याज दर बढने की उम्मीद कम हो गई है.
4500 डॉलर के लेवल को लेकर घबराए निवेशक
स्टोनएक्स के सीनियर मार्केट एनालिस्ट बॉब हैबरकोर्न ने बताया कि 4,500 डॉलर सोने के लिए बड़ा सपोर्ट लेवल है. इसे दो बार टच करने के बाद सोना वापस नीचे आया है. फिलहाल निवेशक भी 4,500 डॉलर के लेवल को लेकर घबराए हुए हैं. बाजार के जानकारों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जब तक शांति बहाली की ठोस रणनीति नहीं बनती, तब तक सोने के रेट में अस्थिरता बनी रहेगी. पिछले दिनों जंग के हालात बनने दोनों देशों के बीच और तनाव बढने के बाद सोना गिरकर 3900 डॉलर प्रति औंस तक आ गया था.
फेड की तरफ से ब्याज दर बढ़ाने की संभावना कम
सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार बाजार सितंबर में होने जा रही फेड की मीटिंग में ब्याज दर बढ़ाने की संभावना को 35% पर आंक रहा है. पहले ब्याज दर बढने की उम्मीद 44 प्रतिशत तक की थी. इस उम्मीद से सोने के दाम में फिर से तेजी देखी जा सकती है. लेकिन अभी इसे एक निश्चित दायरे में कारोबार करते हुए देखा जा सकता है. दरअसल, फेड रिजर्व की तरफ से ब्याज दर बढाए जाने से सोने की कीमत पर दबाव देखा जाता है और इसमें गिरावट आती है.
एमसीएक्स पर क्या रहा सोने का दाम?
इंटरनेशनल मार्केट में गिरावट आने के बाद घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स (MCX) पर सोने व चांदी में गिरावट देखी जा रही है. शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे 5 अक्टूबर को डिलीवरी वाला सोना 960 रुपये की गिरावट के साथ 152506 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करते देखा गया. इसके अलावा चांदी की बात करें तो इसमें बडी गिरावट देखी गई और 4 सितंबर को डिलीवरी वाली चांदी 2446 रुपये टूटकर 233001 रुपये प्रति किलो पर ट्रेंड करते देखी गई.
घरेलू बाजार का हाल
इंटरनेशनल मार्केट में गिरावट आने के बाद शुक्रवार को घरेलू बाजार में भी नरमी बने रहने की उम्मीद है. पिछले एक महीने के दौरान सोने के दाम में 10000 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी देखी गई है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से गुरुवार शाम को जारी रेट के अनुसार 24 कैरेट वाला सोना मामूली रूप से चढकर 153071 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. इसके अलावा 22 कैरेट गोल्ड का दाम 140213 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट गोल्ड 114803 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी की बात करें तो यह गिरकर 234228 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई.
Bureau Report
Leave a Reply