गुरुग्राम के वन होराइजन सेंटर यानी OHC में स्थित पॉल रेस्टोरेंट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राहक सुलभ माथुर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने पहुंचे थे. ग्रुप ने रेस्टोरेंट में करीब छह से सात तरह की चीजें ऑर्डर की थीं. इनमें एक सैंडविच भी शामिल थी.
ग्राहकों को खाना सर्व होने के बाद सब सामान्य तरीके से नाश्ता कर रहे थे. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस सैंडविच को खाने के लिए परोसा गया है, उसके अंदर कुछ ऐसा मौजूद है, जिसे देखकर किसी का भी खाने से मन उठ जाए.
आधा सैंडविच खाने के बाद दिखा कीड़ा
सुलभ माथुर के अनुसार, उन्होंने सैंडविच का करीब आधा हिस्सा खा लिया था. इसी दौरान ब्रेड के अंदर उनकी नजर एक जिंदा कीड़े पर पड़ी. कीड़ा दिखाई देते ही उन्होंने तुरंत सैंडविच को देखना शुरू किया और वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया. वीडियो में ब्रेड के अंदर सफेद रंग का कीड़ा साफ दिखाई देता है. वह सैंडविच के अंदर रेंगता हुआ नजर आ रहा है. टेबल पर मौजूद एक महिला की हैरानी भी वीडियो में सुनाई देती है. वह अंग्रेजी में कहती है, “ओ माय गॉड, दिस इज अ वेरी बिग वॉर्म.”
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सैंडविच में कीड़ा मिलने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग रेस्टोरेंट में मिलने वाले खाने की क्वालिटी और हाइजीन को लेकर सवाल उठा रहे हैं. खासकर तब, जब ग्राहक के मुताबिक वह सैंडविच का एक बड़ा हिस्सा खा चुका था. ऐसे मामलों में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि किचन में खाना तैयार करने से लेकर ग्राहक की टेबल तक पहुंचने के बीच क्वालिटी चेक और हाइजीन के नियमों का कितना ध्यान रखा गया. हालांकि, इस मामले में कीड़ा सैंडविच में किस वजह से पहुंचा, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी.
रेस्टोरेंट ने फोन कर मांगी माफी
वीडियो वायरल होने के बाद पॉल रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट ने सुलभ माथुर से संपर्क किया. सुलभ के मुताबिक, रेस्टोरेंट की ओर से उन्हें मैसेज भेजकर घटना के लिए माफी मांगी गई. मैनेजमेंट ने भरोसा दिलाया कि इस तरह की गलती दोबारा नहीं होगी. रेस्टोरेंट की ओर से घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया है. मैनेजमेंट का कहना है कि ग्राहकों की सेफ्टी और उनका भरोसा उनकी प्राथमिकता है. मामले की आंतरिक जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि सैंडविच में कीड़ा आखिर पहुंचा कैसे.
ग्राहक ने उठाए जवाब पर सवाल
हालांकि, रेस्टोरेंट की माफी से सुलभ माथुर पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर रेस्टोरेंट की ओर से भेजे गए जवाब का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया. उनका आरोप है कि इतनी गंभीर लापरवाही को सिर्फ माफी मांगकर खत्म करने की कोशिश की जा रही है. ग्राहक के लिए मामला सिर्फ एक सैंडविच में कीड़ा मिलने तक सीमित नहीं है. उनका सवाल खाने की क्वालिटी और उस सिस्टम को लेकर है, जिसके जरिए खाना ग्राहकों तक पहुंचता है. खासकर तब, जब रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए ग्राहक पैसे देने के साथ-साथ उसकी क्वालिटी पर भरोसा भी करता है.
फूड हाइजीन को लेकर फिर उठे सवाल
रेस्टोरेंट और होटल में खाने के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आने पर सबसे पहले फूड सेफ्टी और किचन हाइजीन पर सवाल उठते हैं. सब्जियों, ब्रेड, मीट, सॉस और दूसरे सामान को स्टोर करने से लेकर खाना तैयार करने तक हर स्टेप पर सफाई जरूरी होती है. हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि यह कीड़ा किस वजह से सैंडविच में पहुंचा. न ही वीडियो से यह साबित होता है कि रेस्टोरेंट में जानबूझकर कोई लापरवाही की गई. इसकी सही वजह रेस्टोरेंट की जांच या संबंधित फूड सेफ्टी अथॉरिटी की जांच से ही सामने आ सकती है.
सोशल मीडिया पर लोग बोले- खाने से पहले देख लें!
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं. कुछ यूजर्स ने रेस्टोरेंट की लापरवाही पर नाराजगी जताई, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब बाहर खाना खाने से पहले प्लेट के साथ-साथ सैंडविच के अंदर भी देखना पड़ेगा. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है. रेस्टोरेंट की तरफ से माफी और आंतरिक जांच की बात कही गई है. अब सवाल यह है कि जांच में कीड़ा सैंडविच तक पहुंचने की असली वजह क्या सामने आती है और ग्राहकों की फूड सेफ्टी को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.
Bureau Report
Leave a Reply