कनाडा में पंजाबी सिंगर्स और सेलिब्रिटीज पर लगातार हो रहे हमलों के बीच एक और हैरान कर देने वाली खबर आई है. मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क के काफिले पर कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में अंधाधुंध फायरिंग की गई है. रॉजर्स फोरम में अपना लाइव कॉन्सर्ट खत्म कर लौट रहे एमी विर्क इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए. घटना के तुरंत बाद हमलावर अपनी गाड़ी में आग लगाकर फरार हो गए.
पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने स्टार एमी विर्क इन दिनों अपने ‘यूनिटी टूर 2026’ के तहत कनाडा के दौरे पर हैं. 5 सितंबर की देर रात एबॉट्सफोर्ड के रॉजर्स फोरम में उनका एक ग्रैंड शो खत्म हुआ था. शो के बाद जैसे ही एमी विर्क अपने प्रमोटर के साथ गाड़ियों के काफिले में निकले, लगभग 11 बजे मैककलम रोड पर एक काले रंग की एसयूवी में सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
बुलेटप्रूफ गाड़ी ने बचाई एमी विर्क की जान
पीटीसी पंजाबी और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह एक बुलेटप्रूफ गाड़ी थी और उसमें खुद एमी विर्क मौजूद थे. हमलावरों ने उस गाड़ी पर करीब 7 राउंड गोलियां दागीं. गनीमत यह रही कि गाड़ी पूरी तरह बुलेटप्रूफ थी, जिसकी वजह से गाड़ी के अंदर मौजूद एमी विर्क या उनके साथी प्रमोटर को एक खरोंच तक नहीं आई. यह हमला इतना भयानक था कि अगर गाड़ी नॉर्मल होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
हमला करके गाड़ी में लगा दी आग
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद एबॉट्सफोर्ड पुलिस को घटना स्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर सनीसाइड प्लेस इलाके में एक एसयूवी के जलने की खबर मिली. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वह एसयूवी पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी. पुलिस का मानना है कि हमलावर इसी एसयूवी से आए थे और सबूत मिटाने के लिए गाड़ी में आग लगाकर गायब हो गए.
सरे बेस्ड पंजाबी रेडियो स्टेशन से जुड़े हैं तार
स्थानीय खबरों के मुताबिक, एमी विर्क के साथ गाड़ी में मौजूद कॉन्सर्ट प्रमोटर उस शख्स का बेटा है, जिसके सरे-बेस्ड पंजाबी रेडियो स्टेशन को पिछले साल भी इसी तरह निशाना बनाया गया था. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले का कनेक्शन किसी पुरानी रंजिश या रंगदारी की मांग से तो नहीं है. फिलहाल एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट इस पूरे केस की गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस ने मांगी इलाके के लोगों से मदद
एबॉट्सफोर्ड पुलिस के सार्जेंट पॉल वॉकर के अनुसार शुरुआती जांच से साफ लगता है कि यह एक टारगेटेड अटैक था. हालांकि प्राइवेसी और सुरक्षा कारणों की वजह से पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कार में मौजूद लोगों के नामों की पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने 5 सितंबर की रात 10.45 से 11.30 बजे के बीच उस इलाके से गुजरने वाले ड्राइवरों से अपने डैशकैम फुटेज शेयर करने की अपील की है ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके.
कनाडा में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
कनाडा में पंजाबी आर्टिस्टों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले मई 2022 में पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद कनाडा में भी कई कलाकारों को धमकियां और हमले देखने को मिले हैं. साल 2023 में वेस्ट वैंकूवर में गिप्पी ग्रेवाल के घर के बाहर भी फायरिंग हुई थी. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कनाडा में पंजाबी स्टार्स की सेफ्टी को लेकर हालात काफी चिंताजनक हैं.
इस हमले की खबर सामने आते ही एमी विर्क के फैंस और पंजाबी इंडस्ट्री के लोग काफी सदमे में हैं. हालांकि अभी तक किसी भी गैंगस्टर या गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. एमी विर्क के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उनकी सुरक्षा की दुआएं मांग रहे हैं और कनाडा सरकार से कलाकारों को बेहतर सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं.
Bureau Report
Leave a Reply