एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. भारत ने एक बार फिर शूटिंग में पदक अपने नाम किया है। महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस टीम इवेंट में तिलोत्तमा सेन, विदर्सा विनोद और आशी चौकसे की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीत लिया. भारतीय टीम ने कुल 1,763 अंक हासिल किए, जबकि चीन ने 1,773 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता. तिलोत्तमा सेन, विदर्सा विनोद और आशी चौकसे ने मिलकर 1,763 अंक जुटाए और भारत को पोडियम तक पहुंचाया. चीन की टीम 1,773 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही. चीन ने इस प्रदर्शन के साथ अपने ही एशियन गेम्स रिकॉर्ड की बराबरी भी की.
भारत के लिए यह मेडल इसलिए भी खास रहा, क्योंकि टीम सिल्वर के साथ-साथ तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया. तिलोत्तमा सेन भारत की ओर से क्वालिफिकेशन में सबसे शानदार निशानेबाज रहीं. उन्होंने 590 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और व्यक्तिगत फाइनल में अपनी जगह पक्की की. उन्होंने नीलिंग पोजिशन में 197 अंक हासिल किए और इसके बाद प्रोन में 198 अंक जोड़े. स्टैंडिंग पोजिशन में भी तिलोत्तमा सेन ने दबाव के बीच शानदार निशाना लगाया और 97 व 98 की सीरीज के साथ कुल स्कोर 590 तक पहुंचाया. उनसे आगे केवल चीन की दो निशानेबाज रहीं, जिन्होंने क्रमशः 594 और 591 अंक हासिल किए.
विदर्सा विनोद की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही. नीलिंग पोजिशन में उन्होंने 193 अंक हासिल किए, जिससे उन्हें आगे बढ़ने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन इसके बाद विदर्सा विनोद ने जोरदार वापसी की. प्रोन पोजिशन में उन्होंने 199 अंक हासिल किए और अपनी स्थिति मजबूत कर ली. स्टैंडिंग पोजिशन में उन्होंने लगातार दो सीरीज में 98-98 अंक हासिल किए. इस शानदार फिनिश के दम पर विदर्सा विनोद ने कुल 588 अंक हासिल किए और छठे स्थान पर रहते हुए व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना ली.
आशी चौकसे फाइनल में जाने से चूकीं
आशी चौकसे ने भी टीम के सिल्वर मेडल में अहम योगदान दिया, लेकिन वह व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं. आशी चौकसे ने कुल 585 अंक हासिल किए और 15वें स्थान पर रहीं. नीलिंग में 196 और प्रोन में शानदार 199 अंक हासिल करने के बाद वह अच्छी स्थिति में थीं, लेकिन स्टैंडिंग पोजिशन की पहली सीरीज में 93 अंक उनके लिए भारी पड़ गए. उन्होंने आखिरी सीरीज में 97 अंक के साथ वापसी की, लेकिन तब तक टॉप-8 में पहुंचने का मौका निकल चुका था. हालांकि, टीम इवेंट में उनके योगदान ने भारत को कुल 1,763 अंक तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
भारत की नजर एक और मेडल पर
टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद अब भारतीय फैंस की नजर महिला 50 मीटर राइफल 3 पोजिशंस के व्यक्तिगत फाइनल पर है. तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद सुबह 9:30 बजे IST से शुरू होने वाले फाइनल में भारत की चुनौती पेश करेंगी. दोनों निशानेबाज क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं और अब उनकी कोशिश भारत की शूटिंग मेडल टैली में एक और पदक जोड़ने की होगी.
Bureau Report
Leave a Reply