मुजफ्फरपुर के कलयुगी शिक्षक पर विभागीय गाज गिर गई है. सरकारी स्कूल की छात्राओं के साथ गलत हरकत करने के आरोपी शिक्षक को विभाग ने निलंबित कर दिया है. आरोपी टीचर के साथ-साथ स्कूल की हेडमास्टर को भी निलंबित कर दिया गया है. इतना ही नहीं अब आरोपी शिक्षक पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. पूरा मामला पारू प्रखंड स्थित लालू छपरा मध्य विद्यालय का है. स्कूल की कुछ छात्राओं ने विशिष्ट शिक्षक रतन लाल सहनी पर आरोप लगाए थे कि वह उनके साथ गलत हरकते हैं और गलत तरीके से स्पर्श करते हैं. छात्राओं ने जब स्कूल की प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी से इसकी शिकायत की, तो उन्होंने बच्चियों का साथ देने की बजाय मामले को दबाना चाहा.
मामला संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव के आदेश पर शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक और प्रधानाध्यापिका दोनों को विभाग ने निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही दोनों पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि शिक्षक रतन लाल सहनी पर छात्राओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को दूषित करने का आरोप लगे हैं. प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी पर आरोप है कि शिक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत के बाद भी उन्होंने समय पर कार्रवाई नहीं की. जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं के साथ की भी तरह का गलत व्यवहर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उधर, पीड़ित छात्राओं के माता-पिता ने पारु थाना में शिक्षक रतन लाल सहनी पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप मे FIR दर्ज कराई है. पीड़ित परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, पीड़ित परिवारजनों की शिकायत पर पुलिस भी लगातार शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया की आरोपी शिक्षक के संभावित ठिकानो पर सरेया SDPO अभिजीत कौर के नेतृत्व लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
Bureau Report
Leave a Reply