बॉलीवुड के सुरीले सिंगर सोनू निगम अब सिर्फ गानों से ही नहीं, बल्कि रियल एस्टेट के खेल से भी हर किसी को हैरान कर रहे हैं. मुंबई के सबसे प्राइम और महंगे इलाके अंधेरी वेस्ट में सोनू निगम ने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 3 कमर्शियल यूनिट्स अपने नाम कर लिए हैं. इस महाडील की कुल वैल्यू 17 करोड़ रुपये बताई जा रही है. 6 अगस्त 2026 को रजिस्टर हुई इस प्रॉपर्टी डील के पेपर्स जैसे ही सामने आए, पूरी मुंबई की रियल एस्टेट मार्केट में चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
सोनू निगम ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में स्थित लोखंडवाला रोड पर बनी एस्टन बिल्डिंग में यह कमर्शियल जगह खरीदी है. यह बिल्डिंग सुंदरवन कॉम्प्लेक्स में है जो मुंबई के सबसे प्राइम लोकेशन में से एक मानी जाती है. प्रॉपटेक प्लेटफॉर्म CRE Matrix के ऑफिशियल पेपर्स के मुताबिक, इस डील में दो बड़े यूनिट्स पहली मंजिल पर हैं और एक ऑफिस ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है. सोनू निगम ने यह प्रॉपर्टी सिंगुलर हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से खरीदी है.
पहली मंजिल के दोनों यूनिट्स का कुल कारपेट एरिया लगभग 3,885.77 स्क्वायर फीट है. इन दोनों यूनिट्स के लिए सोनू निगम ने 16 करोड़ रुपये चुकाए हैं. इसके अलावा इस डील को पक्का करने के लिए उन्होंने 96 लाख रुपये की भारी-भरकम स्टैंप ड्यूटी भी भरी है. इस डील में उन्हें बिल्डिंग के बेसमेंट में 4 कार पार्किंग स्पेस भी मिले हैं.
ग्राउंड फ्लोर का ऑफिस और 17 करोड़ की कुल डील
उसी दिन यानी 6 अगस्त 2026 को सोनू निगम ने इसी सेलर से एक और अलग डील की. उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर 258.33 स्क्वायर फीट का एक छोटा ऑफिस खरीदा. इस ग्राउंड फ्लोर ऑफिस की कीमत 1 करोड़ रुपये तय की गई और इसके लिए 6 लाख रुपये की स्टैंप ड्यूटी भरी गई.
अगर तीनों यूनिट्स को मिला दें तो सोनू निगम के पास अब इस बिल्डिंग में कुल 4,144.10 स्क्वायर फीट की बड़ी कमर्शियल जगह हो गई है. इस पूरी डील की कुल कीमत 17 करोड़ रुपये बैठती है. अगर प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से देखें तो सोनू निगम ने कारपेट एरिया के लिए लगभग 41,021 रुपये प्रति स्क्वायर फीट का रेट दिया है. हालांकि इस डील पर सोनू निगम या सेलर कंपनी की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल कमेंट सामने नहीं आया है.
कर्जत में बेची जमीन और मुंबई में की नई इनवेस्टमेंट
सोनू निगम पिछले 2 सालों से रियल एस्टेट मार्केट में काफी एक्टिव दिख रहे हैं. हाल ही में उन्होंने मुंबई के आसपास के इलाकों में जमीनों की बड़ी लेन-देन की है. मई 2026 में सोनू निगम ने मुंबई 3.0 के तहत आने वाले कर्जत इलाके में अपनी 1.067 हेक्टेयर जमीन को 95 लाख रुपये में बेचा था. इसके बाद अप्रैल 2026 में भी उन्होंने रायगढ़ जिले के खूबसूरत हिल स्टेशन कर्जत में 1.9 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन के टुकड़ों को 1.95 करोड़ रुपये में बेचा था. इन जमीनों की बिक्री के बाद अब उन्होंने इस पैसे को मुंबई के अंधेरी वेस्ट में कमर्शियल रियल एस्टेट में इनवेस्ट कर दिया है.
पिता ने खरीदी मढ़ आइलैंड में 10 करोड़ की प्रॉपर्टी
सोनू निगम के परिवार में सिर्फ वही नहीं, बल्कि उनके पिता अगम कुमार निगम भी रियल एस्टेट में बड़ा इनवेस्टमेंट कर रहे हैं. फरवरी 2026 में अगम कुमार निगम ने मुंबई के मढ़ आइलैंड में 1,197 स्क्वायर मीटर का एक बड़ा प्लॉट 10 करोड़ रुपये में खरीदा था. Liases Foras के डाक्यूमेंट्स के मुताबिक, इस प्लॉट में ग्राउंड प्लस वन फ्लोर का एक रेजिडेंशियल और कमर्शियल स्ट्रक्चर भी शामिल है.
सांताक्रूज में किराए से आ रहे हैं करोड़ों रुपये
सोनू निगम सिर्फ प्रॉपर्टी खरीद और बेच ही नहीं रहे हैं, बल्कि प्रॉपर्टी लीज यानी किराए पर देकर भी भारी कमाई कर रहे हैं. साल 2025 में सोनू निगम ने सांताक्रूज ईस्ट में अपनी एक कमर्शियल प्रॉपर्टी को 5 साल के लिए पट्टे पर दिया था. ट्रेड सेंटर BKC बिल्डिंग में स्थित इस 4,257 स्क्वायर फीट के ऑफिस से उन्हें 5 साल में 12.61 करोड़ रुपये से ज्यादा का किराया मिलेगा. SquareYards के डाक्यूमेंट्स के अनुसार, यह प्रॉपर्टी पट्टनी हॉस्पिटैलिटी को दी गई है जो ‘डाउनटाउन 29’ नाम का कैफे और बार ब्रांड चलाती है. यह डील 2 दिसंबर 2025 को रजिस्टर हुई थी.
Bureau Report
Leave a Reply