एक विवाद और फिर चाकू से हमला, करावल नगर में चाचा के हाथों भतीजे की मौत

एक विवाद और फिर चाकू से हमला, करावल नगर में चाचा के हाथों भतीजे की मौत

उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र में चाचा-भतीजे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक चाचा ने कथित तौर पर अपने 35 वर्षीय भतीजे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. भतीजे को बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई पर भी जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई है.

हिमांशु था परिवार में सबसे बड़ा 
मृतक की पहचान हिमांशु भारद्वाज उर्फ जीत शर्मा, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने परिवार में सबसे बड़ा था. परिवार में उसके दो भाई, एक बहन और करीब पांच साल की मासूम बच्ची है. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

क्या है पूरा मामला? 
जानकारी के अनुसार, करावल नगर इलाके में किसी बात को लेकर हिमांशु और उसके चाचा के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी चाचा ने कथित तौर पर हिमांशु पर चाकू से कई वार कर दिए. भाई को बचाने के लिए जब उसका छोटा भाई आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. वारदात की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस जांच कर रही है 
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटना वाली जगह का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी. क्या मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया या इस हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा दूसरी वजह छिपी है? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. परिवार के सबसे बड़े बेटे की इस तरह हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 5 साल की मासूम बच्ची समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*