चक्रवात अर्नब का कहर: कहीं डूबे गांव तो कहीं बर्बाद हुई फसल, प्रियंका गांधी ने की कांग्रेसियों से मदद की अपील

चक्रवात अर्नब का कहर: कहीं डूबे गांव तो कहीं बर्बाद हुई फसल, प्रियंका गांधी ने की कांग्रेसियों से मदद की अपील

चक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कहीं भारी बारिश और बाढ़ से घरों में पानी घुस गया है तो कहीं किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगे आकर लोगों की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाए और राहत-बचाव के काम में पूरा सहयोग किया जाए।

प्रियंका गांधी ने जताई चिंता, कार्यकर्ताओं से की अपील
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए चक्रवात से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं आंध्र प्रदेश के उन लोगों के साथ हैं जो चक्रवात ‘अरनाब’ से हुई तबाही का सामना कर रहे हैं, और ओडिशा के उन लोगों के साथ भी हैं जो भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती हूं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूं कि वे प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें तथा राहत और बचाव कार्यों में सहयोग दें।

राहुल गांधी ने सरकार से मांगी तुरंत राहत
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी चक्रवात से हुए नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने आंध्र प्रदेश में तूफान और ओडिशा में भारी बारिश व बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति दुख जाहिर किया। राहुल गांधी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके दुख में वह उनके साथ हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कई परिवारों के घर उजड़ गए हैं और लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। ऐसे समय में सरकारों को बिना देरी किए प्रभावित लोगों तक राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंचानी चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देने की बात कही।

अमित शाह ने राज्यों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हालात का जायजा लेते हुए आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित राज्यों के साथ खड़ी है और लोगों की परेशानियां कम करने के लिए हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। शाह ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें राहत और बचाव के काम में जुटी हुई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हालात से निपटने के लिए केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

रेलवे पुल के नीचे भरा पानी, नौ ट्रेनें रद्द
चक्रवात और लगातार हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण एक रेलवे पुल के नीचे पानी तेजी से भरने लगा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे (एससीओआर) ने विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। इस फैसले के चलते कम दूरी की करीब नौ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि लगभग 16 ट्रेनों के रास्ते बदल दिए गए हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गजपति जिले में बाढ़ जैसे हालात, गांवों में घुसा पानी
ओडिशा के गजपति जिले में चक्रवात का असर काफी गंभीर बताया जा रहा है। बुधवार से लगातार हो रही बारिश के कारण महेंद्रतनया नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गोशानी ब्लॉक के बाघासाला, भिननाला और बापूजी पेन्थ समेत कई इलाकों में पानी घुस गया है। नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ने से खेतों में पानी भर गया है। कई गांवों तक बाढ़ का पानी पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर गोशानी ब्लॉक के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

छत्तीसगढ़ में किसानों को नुकसान, स्कूलों में छुट्टी
चक्रवात से हुई बारिश का असर छत्तीसगढ़ तक भी पहुंचा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान की खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों की मेहनत पर पानी फिरने से उनकी चिंता बढ़ गई है।मौसम और हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*