बिहार: भाजपा के वरिष्ठ नेता और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. आरके सिन्हा का निधन, नोएडा में ली अंतिम सांस

बिहार: भाजपा के वरिष्ठ नेता और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. आरके सिन्हा का निधन, नोएडा में ली अंतिम सांस

बिहार के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का 30 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया। SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. आरके सिन्हा ने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है। SIS ग्रुप की ओर से जारी सूचना में उनके निधन की पुष्टि की गई है।

अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया जाएगा पार्थिव शरीर

डॉ. आरके सिन्हा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना लाया जाएगा। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। हालांकि, उनके पार्थिव शरीर के पटना पहुंचने का समय और अंतिम संस्कार की तारीख व समय अभी घोषित नहीं किया गया है। परिवार की ओर से बताया गया है कि अंतिम संस्कार की विस्तृत रूपरेखा जल्द ही साझा की जाएगी।

भाजपा के संस्थापक सदस्यों में थे शामिल

डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने पार्टी के लिए लंबे समय तक काम किया और राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। बिहार की राजनीति में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से भाजपा और बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है।

SIS ग्रुप की स्थापना कर कारोबार जगत में बनाई पहचान

राजनीति के अलावा डॉ. आरके सिन्हा ने कारोबारी क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे। उनके नेतृत्व में समूह ने सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उनके निधन को राजनीतिक और व्यावसायिक, दोनों क्षेत्रों के लिए बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

SIS ग्रुप ने जताया शोक

SIS ग्रुप की ओर से जारी शोक संदेश में डॉ. आरके सिन्हा को परिवार और समूह के सदस्यों का अभिभावक बताया गया है। संदेश में कहा गया कि उनके निधन की सूचना अत्यंत दुखी मन से साझा की जा रही है। साथ ही, उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी जल्द देने की बात कही गई है।

पार्थिव देह का दर्शन कार्यक्रम
* आज 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना पहुंचेगा।
* अंतिम दर्शन: कल दिनांक 31 अक्टूबर, 2026 को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, स्थान: अन्नपूर्णा भवन, पाटलिपुत्र, पटना।
* अंतिम यात्रा: कल दिनांक 31 अक्टूबर, 2026 को दोपहर 12:00 बजे अन्नपूर्णा भवन से दीघा घाट के लिए प्रस्थान

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*